दिल्ली में तूफानी बारिश ने तोड़ा 125 साल पुराना रिकॉर्ड, 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरा पारा; सामने आई बड़ी वजह
शनिवार की रात दिल्ली में भयंकर आंधी और बारिश हुई जिसने 125 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दो घंटे में 68 मिमी बारिश हुई और तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं के कारण यह बदलाव आया। सोमवार को भी दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पहेली बने मई माह के मौसम ने शनिवार आधी रात के बाद एक बार फिर राजधानीवासियों को चौंका दिया। तेज आंधी के साथ रिकॉर्ड बारिश ने 125 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई।
यह अलग बात है कि रात का समय होने और अगले दिन छुट्टी होने के कारण इस बार जनजीवन पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। मौसम विभाग की मानें तो पूरे सप्ताह मौसम ऐसा ही रहेगा। नौतपा (25 मई से दो जून तक) के दिनों में भी गर्मी के तेवर हल्के रहेंगे। 31 मई तक पूर्वानुमान है कि रोजाना कमोबेश बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश होगी और तापमान भी कम रहेगा।
रविवार की सुबह जब दिल्लीवासी उठे तो गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो रही थी। आंधी-बारिश का यह दौर रात करीब एक बजे शुरू हुआ और सुबह साढ़े आठ बजे तक जारी रहा। लेकिन सबसे ज्यादा असर तीन बजे तक देखने को मिला। महज दो घंटे में 68.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
आंधी की रफ्तार 82 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। इसके बाद सुबह साढ़े पांच बजे तक 13.2 मिमी और सुबह साढ़े पांच से साढ़े आठ बजे तक 0.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी देखने को मिली। इस दौरान हवा की गति भी बदलती रही। इससे पहले एक मई को आधी रात के बाद कमोबेश ऐसा ही मौसम देखने को मिला था। तब तीन घंटे में 77 मिमी बारिश हुई थी।
तापमान में उल्लेखनीय गिरावट
इस रिकॉर्ड बारिश और तूफान के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। रात 1.15 से 2.30 बजे के बीच तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सफदरजंग एयरपोर्ट पर तापमान 31.0 डिग्री से गिरकर 21.0 डिग्री, पालम में 29.0 डिग्री से गिरकर 22.0 डिग्री, पूसा में 31.8 डिग्री से गिरकर 20.5 डिग्री, लोधी रोड पर 31.0 डिग्री से गिरकर 22.3 डिग्री और भारत मंडपम में 31.4 डिग्री से गिरकर 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रविवार का तापमान
रविवार को भी दिनभर हल्की गर्मी रही। धूप निकली, लेकिन गर्मी कम रही। अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 8.6 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.9 डिग्री कम रहा। हवा में नमी का स्तर 100 में से 49 दर्ज किया गया।
वर्षा ने बनाया सर्वकालिक रिकॉर्ड
अब तक 1901 से 2025 तक मई में सबसे ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड 2008 के नाम है, जब 165.0 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। लेकिन अब यह रिकॉर्ड 2025 के नाम है। इस महीने अब तक 186.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
इस वजह से बदला मौसम
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी आर के जेनामनी ने बताया कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाएं दिल्ली में नमी लेकर आईं, इसलिए तेज बारिश हुई। इसके अलावा उत्तरी पंजाब और जम्मू-कश्मीर के पास एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। यह निचले स्तर के वायुमंडल में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना रहा है।
साथ ही उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के पास भी चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। यह समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर है। पश्चिमी राजस्थान के पास भी इसी तरह का चक्रवाती क्षेत्र बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हवाएं और अरब सागर से आने वाली दक्षिण-पश्चिमी हवाएं उत्तर पश्चिम भारत की तरफ बढ़ रही हैं।
ये हवाएं निचले वायुमंडल में हैं। जब ये हवाएं मध्य स्तर की शुष्क पश्चिमी हवाओं से मिलती हैं, तो भयंकर तूफान आते हैं। यही वजह है कि मौसम में भी बदलाव हो रहा है। पहला पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पंजाब और जम्मू-कश्मीर के पास है। दूसरा उत्तर प्रदेश और हरियाणा के पास चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र है। तीसरा राजस्थान के पास भी इसी तरह का क्षेत्र बना हुआ है।
सोमवार का पूर्वानुमान
सोमवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश का अनुमान है। आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। कई बार हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे भी हो सकती है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 और 25 डिग्री रह सकता है।
शनिवार रात डेढ़ बजे से तीन बजे के बीच कहां कितनी रही आंधी की रफ्तार (प्रति घंटा किमी में)
इलाका | आंधी की रफ्तार | समय |
सफदरजंग | 82 किमी | 2.02 |
पालम | 72 किमी | 2.02 |
भारत मंडपम | 76 किमी | 2.15 |
जाफरपुर | 61 किमी | 1.45 |
लोधी रोड | 44 किमी | 2.30 |
दिल्ली विवि | 37 किमी | 2.15 |
नजफगढ़ | 44 किमी | 1.15 |
इग्नू | 50 किमी | 2.15 |
केवी जनकपुरी | 39 किमी | 1.45 |
केवी नारायणा | 48 किमी | 1.45 |
यह भी पढ़ें: दिल्ली विवेक विहार अस्पताल अग्निकांड, एक साल बाद भी न्याय का इंतजार; 7 बच्चों की मौत का मामला
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।