Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Heavy Rain: डूब गई राजधानी... पानी में तैर रहे वाहन, गुरुग्राम में कई फीट नीचे धंस गई सड़क; तस्वीरें बनी गवाह

    Updated: Thu, 10 Jul 2025 01:32 PM (IST)

    दिल्ली में मानसून की पहली बारिश ने जलभराव की समस्या उजागर कर दी। कई जगहों पर जलभराव और जाम के कारण लोगों को ऑफिस पहुंचने में दिक्कत हुई। दिल्ली गुरुग्राम फरीदाबाद नोएडा और गाजियाबाद में कई किलोमीटर लंबा जाम लगा। सरिता विहार अंडरपास में कारें फंसीं और बसें खराब हुईं। गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लगा।

    Hero Image
    दिल्ली में तेज बारिश होने से जलभराव और जाम की स्थिति रही। जागरण

    जागरण टीम, नई दिल्ली। मानसून की पहली तेज वर्षा ने सड़कों पर जलभराव रोकने के इंतजामों की पोल खोल दी।

    हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-70 स्थित एसपीआर रोड कई फीट नीचे धंस गई। सड़क धंसने से एक ट्रक भी गिर गया। बताया गया कि इस ट्रक में बीयर भरी हुई है।

    वहीं, कई जगहों पर जलभराव व जाम की स्थिति होने से गुरुवार सुबह भी लोगों को ऑफिस पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। 

    बता दें कि बुधवार शाम से शुरू हुई वर्षा देर रात तक जारी रही। कई सड़कों पर जलभराव हुआ और एनसीआर में महाजाम की स्थिति बन गई।

    दिल्ली के साथ ही गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद जैसे शहरों में लोग कई किलोमीटर के लंबे जाम में घंटों फंसे रहे। वाहनों के बीच रास्ते में बंद होने से कई लोगों पर दोहरी मार पड़ी।

     

    हालत ऐसी थी कि शाम को कार्यालयों से निकले कई लोग मध्यरात्रि के बाद घर पहुंचे। दिल्ली में 150 से अधिक स्थानों पर जलभराव और 200 से अधिक स्थानों पर जाम लगा। 

    वहीं, सरिता विहार अंडरपास में जलभराव के बीच जगुआर और जखीरा में एक अन्य कार फंस गई।

    जलभराव से गुजरने में कई बसें जहां-तहां फंस गईं और इन बसों में बैठीं सवारियों को वैकल्पिक व्यवस्था कर अपने गंतव्य तक जाना पड़ा। 

    कुल मिलाकर सड़कों पर जगह-जगह जलभराव ने दिल्ली सरकार के मानसून को लेकर तैयारियों की पोल खोलकर रख दी।

    बताया गया कि देर रात दो बजे तक कहीं से कोई जनहानि की सूचना नहीं थी। 

    दो घंटे एक ही स्थान पर खड़ी रहीं एंबुलेंस 

    गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर खेड़कीदौला से लेकर रजोकरी बार्डर तक 24 किलोमीटर का लंबा जाम लग गया और घंटों तक वाहनों के पहिये थम गए।

    बताया गया कि जाम ऐसा था कि सैकड़ों वाहनों के साथ कई एंबुलेंस भी एक से दो घंटे तक एक ही स्थान पर खड़े रहे। बढ़ते-बढ़ते जाम दिल्ली तक पहुंच गया। 

    गाजियाबाद का भी बुरा हाल रहा। राजनगर एक्सटेंशन में लगभग 10 किलोमीटर का लंबा जाम लगा रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर भी काफी संख्या में वाहनों की कतारें लगी रहीं। 

    मिंटो ब्रिज अंडरपास में नहीं भरा पानी

    हर बार वर्षा में मिंटो ब्रिज अंडरपास में जलभराव होता था, लेकिन इस बार वहां पानी की निकासी की व्यवस्था होने के कारण लोगों को राहत मिली। कई लोगों ने यहां से फेसबुक लाइव भी किया। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पिछले साल तक चला रहे थे नाव

    पटपड़गंज के विधायक रवि नेगी पिछले साल पार्षद थे। तब दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार थी। उस समय जलभराव के कारण एनएच-9 पर विनोद नगर के पास वह नाव चलाते दिखते थे। 

    इस बार वह विधायक हैं तो उसी स्थान पर रात करीब 11:00 बजे दो ट्रैक्टर की मदद से पानी की निकासी कराते नजर आए। 

    पता चला कि यहां पानी निकासी के लिए पंप लगा हुआ था, वह खराब हो गया था। 

    आज भी वर्षा के आसार

    मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार को मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है। हफ्ते भर दिल्ली में ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं। इस दौरान तापमान में कमी बनी रहेगी।