Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राहुल ने दिल्ली पुलिस को ढाई घंटे कराया इंतजार, पीड़िताओं की जानकारी मांगने पर बोले- अभी कुछ ध्यान नहीं आ रहा

    By Jagran NewsEdited By: Nitin Yadav
    Updated: Sun, 19 Mar 2023 09:23 PM (IST)

    रविवार को दिल्ली पुलिस की टीम कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पहुंची थी जहां टीम को 2 घंटे इंतजार कराने के लिए कांग्रेस नेता ने पुलिस की टीम से मुला ...और पढ़ें

    Hero Image
    महिलाओं के यौन उत्पीड़न वाले बयान को लेकर राहुल गांधी के घर पहुंची दिल्ली पुलिस।

    नई दिल्ली [राकेश कुमार सिंह]। यौन उत्पीड़न की शिकार महिलाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए रविवार को दिल्ली पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के तुगलक लेन स्थित आवास पर पहुंचे। गत दिनों भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल ने श्रीनगर में कहा था कि देश में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार हो रहा है, उनका यौन शोषण किया जा रहा है, लेकिन पुलिस उन्हें न्याय नहीं दिला पा रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसी की जानकारी प्राप्त करने दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त, कानून-व्यवस्था सागर प्रीत हुड्डा जब अपने अधिकारियों के साथ राहुल के आवास पर पहुंचे तब पहले तो उन्हें करीब ढाई घंटे तक इंतजार कराया गया। उसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों से करीब दस मिनट की संक्षिप्त मुलाकात की, लेकिन यौन उत्पीड़न की शिकायत करने वाली महिलाओं के बारे में पूछने पर वे कोई जानकारी उपलब्ध नहीं करा पाए।

    विशेष आयुक्त सागर प्रीत हुड्डा का कहना है कि राहुल गांधी के विदेश दौरे से लौट आने की सूचना मिलने पर पहले 15 मार्च की शाम डीसीपी नई दिल्ली जिला प्रणव तयाल को उनके आवास पर भेजा गया था। करीब दो-तीन घंटे तक उन्होंने राहुल की प्रतीक्षा की, लेकिन वे नहीं मिले।

    इसके बाद 16 मार्च की सुबह उन्हें नोटिस भेज कर बताया गया कि वे पीड़ित महिलाओं के बारे में जानकारी एकत्र कर 19 मार्च को उसकी जानकारी उपलब्ध करा दें। इसी के तहत सागर प्रीत हुड्डा सुबह दस बजे अपने अधिकारियों के साथ राहुल के आवास पर पहुंचे। ढाई घंटे इंतजार करने के बाद राहुल ने उनसे मुलाकात की।

    इस दौरान हुड्डा ने उनसे ऐसी महिलाओं के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने को कहा, जिनका यौन शोषण किया जा रहा है। हुड्डा ने यह भी कहा कि हो सकता है कुछ महिलाएं ऐसी हों, जिनका रिश्तेदारों द्वारा लगातार यौन शोषण किया जा रहा हो, कुछ पीड़िता नाबालिग भी हो सकती हैं।

    अगर उन्हें इसकी जानकारी उपलब्ध करा दी जाए तब दिल्ली पुलिस समय रहते आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज सकती है। इस पर राहुल ने कहा कि अभी उन्हें कुछ ध्यान नहीं आ रहा है कि कहां-कहां पर महिलाओं ने उनसे शिकायत की थी।

    इस पर हुड्डा ने कहा कि उन्हें कुछ तो याद होगा। अगर एक-दो महिलाओं के बारे में भी जानकारी उपलब्ध करा दी जाए तो दिल्ली पुलिस उसका संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू कर देगी, इससे महिलाओं को जल्द न्याय मिल पाएगा।

    इस पर राहुल ने हुड्डा से पूछा कि वे इतने विलंब से उनके पास क्यों आए, इस पर हुड्डा ने कहा कि दिल्ली में पद यात्रा के दौरान कई अधिकारी उनकी सुरक्षा में लगे हुए थे वे किसी को भी इस बारे में जानकारी दे सकते थे। कोई जानकारी न देने पर दिल्ली पुलिस ने रविवार को दोबारा राहुल के निजी सचिव को नोटिस थमा जल्द से जल्द पीड़ित महिलाओं के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

    श्रीनगर में यह बोले थे राहुल

    श्रीनगर में बर्फबारी के बीच राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा था कि जब मैं चल रहा था आपने देखा होगा कि बहुत सारी महिलाएं रो रही थीं। आपको मालूम है क्यों रो रही थीं, बहुत सारी महिलाएं ऐसी थीं, जिन्होंने मुझसे बोला कि उनके साथ दुष्कर्म हुआ है। उन्हें किसी ने उत्पीड़न किया है, इसमें आरोपित उनका रिश्तेदार है। जब मैंने उनसे कहा कि बहन मैं पुलिस को बताऊं तो उन्होंने इनकार करते हुए कहा कि पुलिस से मत बताइए। हम चाहते हैं कि आपको ये बात मालूम हो, मगर पुलिस को मत बताइए, हमारा और भी नुकसान हो जाएगा। राहुल ने कहा था कि ये हमारे देश की सच्चाई है, ऐसी बहुत सारी कहानियां मैं आपको बता सकता हूं।