Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Delhi Crime: छात्रा से लूटपाट करने वाला डेढ़ साल बाद गिरफ्तार, पहचान छिपाकर फैक्ट्री में काम कर रहा था बदमाश

    Updated: Sat, 10 May 2025 03:59 PM (IST)

    Delhi crime news दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने तिमारपुर में एक छात्रा से लूटपाट करने वाले भगोड़े फैजान बेग को गिरफ्तार किया है। वह घटना के बाद से फरार था और पुलिस से बचने के लिए जैकेट बनाने वाली फैक्ट्री में छिपकर काम कर रहा था। अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। पुलिस उसे ढूंढ रही थी।

    Hero Image
    दमाश फैजान बेग उर्फ राजा को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। तिमारपुर में महिला विश्वविद्यालय की छात्रा से पिस्टल के बल पर पर्स व माेबाइल लूटने में वांछित बदमाश फैजान बेग उर्फ राजा को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। वह घटना के बाद करीब डेढ़ साल से फरार था। कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर रखा था। वारदात में शामिल एक बदमाश को पुलिस पहले गिरफ्तार कर चुकी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    डीसीपी आदित्य गौतम के मुताबिक फैजान बेग, गली नंबर चार, कबीर नगर का रहने वाला है। फैजान बेग पहले 1999 में अजमेरी गेट में रहता था। उसके पिता कपड़े की फैक्ट्री में काम करते थे। उनकी मृत्यु हो गई। पिता की मौत के बाद वह कपड़े की फैक्ट्री में भी काम करने लगा।

    गलत संगत में पड़कर करने लगा था नशा

    इसी बीच गलत संगत में पड़कर वह नशे का सेवन करने लगा। नशे की पूर्ति के लिए उसने लूटपाट करना शुरू कर दिया। छह अक्टूबर 2023 की दोपहर करीब 4.20 बजे फैजान बेग ने अपने सहयोगी महमूद उर्फ दूधिया के साथ मिलकर एक महिला विश्वविद्यालय की छात्रा से जबरन पर्स और मोबाइल लूट लिया था।

    वारदात के बाद भागने की कोशिश के दौरान राहगीरों ने उन्हें रोक लिया था। लोगों ने महमूद को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया था। फैजान बेग मौके से भागने में सफल हो गया था। तिमारपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर महमूद को गिरफ्तार कर लिया था।

    तीस हजारी काेर्ट ने किया था भगोड़ा घोषित

    फैजान बेग गिरफ्तारी से बचता रहा जिससे तीस हजारी काेर्ट ने उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया था। इसे पकड़ने की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच को सौंपी गई। एसीपी अनिल शर्मा व इंस्पेक्टर विवेकानंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी के आधार पर गली नंबर 19, विजय पार्क, मौजपुर से फैजान बेग को शुक्रवार को दबोच लिया। पुलिस से बचने के लिए वह अपनी पहचान छिपाकर जैकेट बनाने वाली एक फैक्ट्री में काम कर रहा था।