साइबर खतरों से रहें सतर्क, जालसाजों पर लगेगी लगाम; दिल्ली पुलिस ने 'साइबर सुरक्षित दिल्ली' कार्यक्रम का किया आयोजन
दिल्ली पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए साइबर सुरक्षित दिल्ली अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने साइबर रक्षक शुभंकर का अनावरण किया। नुक्कड़ नाटक और लाइव डेमो के माध्यम से लोगों को डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस द्वारा नागरिकों को साइबर खतरों से सतर्क और जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को एक शहरव्यापी जनसंपर्क कार्यक्रम "साइबर सुरक्षित दिल्ली" का आयोजन किया गया। यह समन्वित अभियान दिल्ली पुलिस की जनसंपर्क शाखा द्वारा आइफारसी (इंडियन साइबर क्राइम काआर्डिनेशन सेंटर), आइएफएसओ (इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटिजिक आपरेशन्स) और सभी 15 पुलिस जिलों के सहयोग से आयोजित किया गया।
इस जागरूकता अभियान का उद्घाटन पुलिस मुख्यालय में पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने किया। इस अवसर पर विशेष पुलिस आयुक्त (पीएमएमसी) अनिल शुक्ला, संयुक्त पुलिस आयुक्त (आइएफएसओ) रजनीश गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पीआरओ) संजय त्यागी और उप पुलिस आयुक्त (आइएफएसओ) विनीत कुमार भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त ने अभियान के शुभंकर ''''साइबर रक्षक'''' का भी अनावरण किया, जो आमजन में साइबर सुरक्षा के संदेश को प्रभावशाली ढंग से फैलाने का माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य और महत्व
अभियान का मुख्य उद्देश्य साइबर अपराध, डिजिटल धोखाधड़ी और आनलाइन ठगी के बढ़ते खतरों के प्रति नागरिकों को जागरूक करना और उन्हें इनसे बचाव के उपाय सिखाना था। साइबर सुरक्षित दिल्ली अभियान ने नागरिकों को उनके डिजिटल अधिकारों और सुरक्षा उपायों से अवगत कराते हुए एक सुरक्षित आनलाइन वातावरण के निर्माण की दिशा में ठोस पहल की।
यह पहल विशेष रूप से अधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर केंद्रित थी ताकि ज्यादा से ज्यादा नागरिकों तक इसका संदेश पहुंच सके। जनसंपर्क विभाग के नोडल अधिकारियों ने सहायक पुलिस आयुक्त रंजय अत्रिश्य के मार्गदर्शन में अभियान की गतिविधियों का समन्वय किया। कार्यक्रम स्थलों पर आइफारसी और आइएफएसओ के विशेषज्ञ साइबर कर्मियों ने मौजूद रहकर नागरिकों के सवालों के जवाब दिए और उन्हें वास्तविक समय में सावधानियों और रिपोर्टिंग प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
साइबर सुरक्षा जागरूकता के लिए इन गतिविधियों का हुआ आयोजन
डिजिटल धोखाधड़ी पर नुक्कड़ नाटक
- शार्ट फिल्मों का प्रदर्शन, जिनमें फिशिंग, ओटीपी और ऋण घोटाले, सेक्सटार्शन, फर्जी नौकरी और केवाईसी धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों पर आधारित दृश्य शामिल थे
- लाइव डेमो द्वारा साइबर ठगी के तरीकों को समझाना
- जनसंपर्क वाहन के माध्यम से दिल्ली पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता का प्रचार
- सूचनात्मक ब्रोशर और पंपलेट का वितरण
इन प्रमुख स्थानों पर आयोजित किए गए कार्यक्रम
- पालिका बाजार, कनाट प्लेस
- एम्बिएंस मॉल, वसंत कुंज
- महाराजा सूरजमल संस्थान, जनकपुरी
- सीसीआरटी ऑडिटोरियम, द्वारका
- ओमैक्स मॉल, चांदनी चौक
- करोल बाग मेट्रो स्टेशन
- पैसिफिक माल, नेताजी सुभाष पैलेस
- सिटी सेंटर माल, रोहिणी
- वर्धमान माल, रानी बाग
- - एम-ब्लाक मार्केट, ग्रेटर कैलाश-2
- - लोटस टेम्पल आडिटोरियम, नेहरू प्लेस
- - वी3एस मॉल, लक्ष्मी नगर
- - क्रास रिवर मॉल, शाहदरा
- - बगीचा बैंक्वेट हॉल, सिरसपुर
- - वेलनेस सेंटर, ज्योति नगर पुलिस कॉलोनी, उत्तर-पूर्वी दिल्ली
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।