Delhi Crime: ड्रग तस्करी मामले में 2 नाइजीरियन गिरफ्तार, 137.47 ग्राम कोकेन बरामद
दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया है। रोहिणी नारकोटिक्स सेल ने यह कार्रवाई महरौली में की। गिरफ्तारियां एक ऑटो चालक की निशानदेही पर हुईं जो पहले पकड़ा गया था। आरोपी रोहिणी और पश्चिम विहार में कोकेन की सप्लाई करते थे। पुलिस ने आरोपियों से 137.47 ग्राम कोकेन बरामद की है और मामले की जांच जारी है।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। दिल्ली में मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले दो नाइजीरियन को रोहिणी जिला नारकोटिक्स सेल ने गिरफ्तार किया है। पूर्व में गिरफ्तार एक ऑटो चालक की निशानदेही पर दोनों आरोपियों को पुलिस ने महरौली से पकड़ा है।
आरोपी एक ऑटो रिक्शा चालक के जरिए रोहिणी व पश्चिम विहार समेत आसपास के इलाके में कोकेन की सप्लाई करवाते थे। इनके कब्जे से पुलिस ने 137.47 ग्राम कोकेन बरामद की है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इस काम में शामिल अन्य आरोपियों का भी पता लगा रही है।
रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि जिले के नारकोटिक्स सेल की टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक ऑटो चालक कोकेन की आपूर्ति करता है। सूचना पर टीम ने 16 जुलाई को सतबारी निवासी सद्दाम हुसैन नाम के ऑटो चालक को गिरफ्तार किया था। उसके पास से पुलिस ने 10.44 ग्राम कोकेन बरामद की थी।
पूछताछ में सद्दाम ने बताया कि ऑटो चलाने से उसको कम आमदनी हो रही थी। जल्द पैसे कमाने के लिए दोस्तों की मदद से नाइजीरियाई युवकों के संपर्क में आकर उनके लिए ड्रग्स की सप्लाई करने लगा। वह करीब आठ माह से तस्करी में लिप्त था।
सद्दाम हुसैन ने बताया कि वह नाइजीरियाई युवक के निर्देश पर ज्यादातर रोहिणी, सुभाष प्लेस, पश्चिम विहार और पीतमपुरा में ग्राहकों को कमीशन के आधार पर कोकेन की आपूर्ति करता था। नाइजीरियाई युवक उससे वॉट्सऐप के जरिए संपर्क करता था।
निरीक्षक अजमेर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी जांच की, जिसमें पता चला कि नाइजीरियाई युवक महरौली इलाके में रहते हैं। पुलिस ने वहां के सीसीटीवी कैमरों की जांच की और सद्दाम के जरिए नाइजीरियाई युवकों की पहचान की। फिर पुलिस ने चंदन होला गांव से करीब 10 किलोमीटर दूरी स्थित उनके घर की पहचान करने के बाद पुलिस ने वहां छापेमारी की। पुलिस ने घर में मौजूद दो नाइजीरियाई युवकों को गिरफ्तार कर लिया। घर की तलाशी के दौरान पुलिस को 137.47 ग्राम कोकेन बरामद की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डैनियल चुक्वेबुका और क्लेवी के रूप में हुई। दोनों यहां किराए पर रहते थे। दोनों अपने संपर्कों के जरिए कोकेन की खेप लेने के बाद उसकी आपूर्ति करते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से एक स्कूटी भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, डैनियल चुक्वेबुका मेडिकल वीजा पर भारत आया है, जबकि दूसरे आरोपी के पास से पासपोर्ट भी नहीं मिला है। आरोपियों से पूछताछ कर इसके अन्य साथियों के बारे में पुलिस पता लगा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।