15 अगस्त से पहले दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा बरामद; पांच तस्कर गिरफ्तार
Delhi Police स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पांच हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 10 पिस्टल कारतूस और 4.10 लाख के जाली नोट बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार ये हथियार दिल्ली-एनसीआर के अपराधियों को सप्लाई किए जाने थे। गिरफ्तार आरोपियों में रवि ठाकुर योगेश फोगाट कुलदीप मीरा और समसू खान शामिल हैं। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली।Delhi Police: 15 अगस्त को लेकर चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था में जुटी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पांच अंतरराज्यीय हथियार और जाली नोटों की तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में सरगना और एक महिला तस्कर शामिल हैं।
इनके पास से 10 अर्ध-स्वचालित पिस्टल, 68 कारतूस, 4.10 लाख के जाली नोट व एक बुलेटप्रूफ स्कार्पियो सहित तीन कारें बरामद की है। बरामद हथियारों की आपूर्ति दिल्ली-एनसीआर के बदमाशों को की जानी थी।
डीसीपी अमित कौशिक के मुताबिक गिरफ्तार किए गए तस्करों के नाम रवि ठाकुर (मथुरा), योगेश फोगाट (गुरुग्राम), कुलदीप (सोनीपत), मीरा (मथुरा) और समसू खान (फिरोजाबाद) है।
एसीपी कैलाश बिष्ट, इंस्पेक्टर राहुल कुमार और विनीत कुमार तेवतिया की टीम ने मध्य प्रदेश से अवैध हथियार, कारतूस और बिहार के सिवान से नकली भारतीय मुद्रा की आपूर्ति में शामिल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया।
बरामद कारतूस में प्वाइंट 32 बोर के 54 कारतूस व प्वाइंट 315 बोर के 10 कारतूस, नाइन एमएम के चार कारतूस हैं। वहीं बरामद नकली नाेट 500-500 के हैं। इन सभी के मोबाइल भी जब्त कर लिए गए हैं।
छह जुलाई को सेल को सूचना मिली कि मथुरा का रहने वाला रवि ठाकुर नाम का व्यक्ति हथियार तस्करी में लिप्त है। उसे मथुरा से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से प्वाइंट 32 बोर की पांच अर्ध-स्वचालित पिस्टल और 10 कारतूस बरामद किए गए।
इससे पूछताछ के आधार पर योगेश फोगाट को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया गया। योगेश फोगाट ने अवैध हथियार खरीदने के लिए पैसे हैंडलर के खाते में ट्रांसफर किए थे। उसकी निशानदेही पर उसकी कार से भी एक पिस्टल बरामद की गई। योगेश की निशानदेही पर बाद में कुलदीप को गिरफ्तार किया गया।
कुलदीप ने योगेश फोगाट से पिस्टल खरीदी थीं और उन्हें दिल्ली और हरियाणा के स्थानीय अपराधियों को सप्लाई किया था। कुलदीप की निशानदेही पर उसकी कार से एक पिस्टल और 35 कारतूस बरामद किए गए।
कार (स्कार्पियो) की जांच करने पर वह बुलेटप्रूफ पाई गई। इसके बाद 24 जुलाई को गिरोह की एक महिला हथियार तस्कर मीरा को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर मथुरा स्थित उसके आवास से प्वाइंट 32 बोर के पांच कारतूस बरामद किए गए।
25 जुलाई को मीरा की निशानदेही पर गिरोह के मास्टरमाइंड समसू उर्फ रेहान को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके घर की तलाशी के दौरान प्वाइंट 32 बोर की तीन पिस्टल, प्वाइंट 315 बोर के 10 कारतूस, नाइन एमएम के चार कारतूस, प्वाइंट 32 के चार कारतूस और 4.10 लाख भारतीय जाली नोट बरामद किए गए।
आरोपित दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के बदमाशों से इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर कोड वर्ड में डील कर उन्हें हथियार आपूर्ति करते थे।
आरोपितों के प्रोफाइल
रवि ठाकुर, पहले ऑटो चलाता था। किसी के संपर्क में आकर उसने मध्य प्रदेश से हथियार लाकर उन्हें दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में आपूर्ति करने लगा। हथियारों की तस्करी पर उसे प्रति हथियार पांच हजार रुपये कमीशन मिलता था।
योगेश फोगाट,पहले 2023 में हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। इलाके के कई लोगों से उसकी दुश्मनी थी। जेल से बाहर आने के बाद उसने दोस्तों के माध्यम से यूपी के एटा के रहने वाले एक व्यक्ति से पिस्टल खरीदी।
इसी दौरान इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उसकी जान-पहचान हथियारों का धंधा करने वाले समसू खान से हुई। उसने रवि ठाकुर के हैंडलर से पिस्टल खरीदकर अपने परिचित अपराधियों को बेचना शुरू कर दिया।
वह गिरोह का मास्टरमाइंड है। वह 35,000-40,000 में पिस्टल खरीदकर उन्हें उंची कीमत पर बेचता था। योगेश के खिलाफ, अमन विहार और प्रेम नगर में दो मामले दर्ज हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।