दिल्ली में पुलिस का चोरों पर बड़ा एक्शन, तीन गिरफ्तार; चोरी की नौ बाइक बरामद
दिल्ली के जामिया नगर में पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। दो अलग-अलग मामलों में तीन चोर गिरफ्तार किए गए हैं जिनकी पहचान तौहीद आरिज और फरहान के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की नौ दोपहिया वाहन बरामद की हैं। पुलिस अन्य साथियों की तलाश कर रही है।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। जामिया नगर थाना पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की नौ दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपितों की पहचान जामिया नगर निवासी तौहीद उर्फ ओसामा, आरिज उर्फ स्कूटर और मोहम्मद फरहान के रूप में हुई है।
दक्षिण पूर्वी जिले की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ऐश्वर्या शर्मा ने बताया कि तीन जुलाई रात को एक सूचना के आधार पर यमुना पुश्ता, दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर छापा मारा और मौके से तौहीद उर्फ ओसामा को गिरफ्तार किया। उस समय आरोपित चोरी की एक बाइक को काटने का प्रयास कर रहा था।
तौहीद की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी आरिज उर्फ स्कूटर को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की। इनके दो अन्य साथी यामीन और सलमान फरार हैं। पुलिस उनकी भी तलाश कर रही है।
दूसरे मामले में तीन जुलाई को ही पुलिस ने धोबी घाट यमुना पुश्ता में छापा मार कर मोहम्मद फरहान को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से चोरी की एक बाइक बरामद की, जिस पर वह घूम रहा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी के चार और दोपहिया वाहन बरामद किए। पुलिस इसके साथियों इमरान और अजीम की तलाश कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।