दिल्ली-NCR में फिर बिगड़ेगा मौसम, 70 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, 3 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट
Delhi Weather forecast दिल्ली-एनसीआर का मौसम फिर बदलने वाला है। बीते दो दिन से तापमान में एक-दो डिग्री सेल्सियस गिरावट आ रही है। हालांकि दिन में तेज धूप की वजह से गर्मी ज्यादा महसूस हो रही है। बृहस्पतिवार को आसमान में बादल मंडराते रहे हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि एक-दो दिन में हल्की बारिश होने से गर्मी से राहत के आसार हैं।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में सप्ताह भर तक मौसम राहत भरा ही रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के असर से तीन दिन धूल भरी तेज आंधी चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है। इस दौरान तापमान भी 37 से 38 डिग्री तक ही रहेगा।
बृहस्पतिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन में बादल छाए रहेंगे। धूप भी खिली रहेगी, लेकिन 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी। शाम के समय हवा की गति 50 किमी तक हो सकती है। गर्जन वाले बादल बनने और बिजली चमकने के भी आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया,
पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के प्रभाव होने से धूल भरी आंधी के साथ बारिश होने से दिन और रात के तापमान में कमी आएगी। लू और गर्म हवाओं से लोगों को कुछ राहत मिलेगी। इस दौरान हवाएं 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।
नोएडा: धूल भरी आंधी-बारिश के साथ होगी मई की शुरुआत
पूर्वी हवाओं के चलते तापमान में कमी आने से लोगों को हीट वेव से कुछ राहत मिली है। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अप्रैल माह बीतने के बाद मई की शुरूआत धूल भरी आंधी और बारिश के साथ होनी है। जिससे तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बने रहने से लोगों को गर्मी से राहत रहेगी।
हीट वेव के प्रकोप से कुछ दिनों तक लोगों छुटकारा मिलेगा। आइएमडी के अनुसार 2 और 3 मई को धूल भरी आंधी के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 3 से 6 मई तक आंशिक बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। लगातार बारिश होने से तापमान में कुछ कमी रहने से गर्मी से राहत मिलेगी। हफ्तेभर से लगातार तेज धूप और भीषण गर्मी हो रही है।
मई माह के शुरुआती दिनों में लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। एक सप्ताह बाद तापमान फिर से बढ़ने से गर्मी अपना प्रकोप दिखाना शुरू करेगी। प्रदूषण येलो जोन में- हवाओं से प्रदूषण भी नियंत्रित बना हुआ है। बुधवार को शहर का एक्यूआई 176 और ग्रेटर नोएडा का 140 दर्ज किया गया। जोकि सामान्य यानी येलो श्रेणी में रहा।
गाजियाबाद : आसमान में मंडरा रहे बादल, गर्मी से राहत के आसार
दिन में लू के थपेड़ो के बीच बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। अप्रैल माह में जून सी गर्मी का एहसास हो रहा था, लेकिन अब दो दिन से तापमान में एक-दो डिग्री सेल्सियस गिरावट आ रही है। साथ ही बृहस्पतिवार को आसमान में हल्के बादल मंडराते रहे। जिससे रोज के मुकाबले गर्मी से हल्की राहत बनी हुई है।
न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्यिस और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम तक हवा अधिकतम 14 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेगी। वातावरण में आर्द्रता 52 प्रतिशत रहेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन आसमान में बादल मंडराते रहेंगे। तापमान में भी एक-दो डिग्री सेल्सियस गिरावट आ सकती है। जिससे गर्मी से हल्की राहत का अनुमान है।
शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शाम को तेज हवा चल सकती है। वातावरण में आर्द्रता 50 प्रतिशत से ज्यादा रहने के आसार हैं।
खराब श्रेणी में दिल्ली की हवा
उधर दिल्ली की वायु गुणवत्ता अभी मध्यम श्रेणी में ही बनी हुई है। बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे दिल्ली का एक्यूआई 167 रिकॉर्ड किया गया। इसे मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के शहरों में भी हवा मध्यम से खराब श्रेणी में चल रही है। पूर्वानुमान है कि हाल फिलहाल एक्यूआई की यही श्रेणी बनी रहेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।