दिल्ली में इस वजह से मानसून की एंट्री में हुई देरी, अब पूरी दिल्ली को भिगोने के लिए तैयार; पढ़ें IMD का ताजा अपडेट
दिल्ली में मानसून के रविवार तक दस्तक देने की संभावना है। शनिवार को कुछ क्षेत्रों में बारिश हुई लेकिन आधिकारिक घोषणा नहीं हुई। मौसम विभाग ने रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस बार मानसून की भविष्यवाणी में मौसम विभाग विफल रहा क्योंकि पहले 25 जून और फिर 22 जून तक मानसून आने की संभावना जताई गई थी।

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। करीब 8-10 दिन की कभी हां, कभी न के बीच अब शायद रविवार को मानसून दिल्ली में दस्तक दे देगा। हालांकि शनिवार को दिल्ली के विभिन्न इलाकों में वर्षा हुई, लेकिन चूंकि दिल्ली की मानक वेधशाला यानी सफदरजंग में नहीं हुई तो मौसम विभाग ने भी चुप्पी ही साधे रखी। पूर्वानुमान है कि रविवार तक मानसून की यह वर्षा समूची दिल्ली को भिगो देगी। ऐसे में मौसम विभाग भी मानसून के राजधानी आगमन की औपचारिक घोषणा कर देगा।
मौसम विज्ञानियों की मानें तो इसमें कोई संदेह नहीं कि इस बार मानसून रफ्तार से आगे बढ़ रहा था। दिल्ली में भी यह तय तिथि (27 जून) से कई दिन पहले आ सकता था। लेकिन जब मानसून ट्रफ को मध्य भारत से उत्तर की ओर बढ़ना था तो राजस्थान के ऊपर बने एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन ने इसकी राह रोक दी। ट्रफ को नीचे खींचना शुरू कर दिया।
इसका असर यह हुआ कि मध्य भारत के हिस्सों में तो खूब वर्षा होती रही जबकि दिल्ली में बादल बन बनकर उड़ते रहे। अब राजस्थान का एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन कमजोर पड़ गया है तो ट्रफ ऊपर होकर उत्तर की तरफ बढ़ गया है। इसीलिए अंतत: दिल्ली में भी वर्षा का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया है।
बीते सप्ताह कई दिनों तक राजधानी में बादल छाए रहे
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी आर के जेनामणि ने बताया कि बीते सप्ताह कई दिनों तक राजधानी में बादल छाए रहे। बीच बीच में कुछ जगहों पर हल्की वर्षा भी हुई। ज्यादातर समय दिल्ली में दक्षिण पूर्वी हवाएं चलती रहीं। यह जमीनी सतह से दो किमी ऊपर बनी हुई थी।
इनके प्रभाव से राजधानी में नमी का स्तर भी काफी अधिक था जबकि बादल निचले स्तर पर छाए रहे थे। ऐसे में मध्यम और ऊपरी सतह पर हवाओं का पैटर्न भी मानसून को दिल्ली में आने से रोक रहा था। यही पैटर्न दक्षिणी पश्चिमी उत्तर प्रदेश, इससे लगते हरियाणा और राजस्थान में भी बना हुआ था। अब यह पैटर्न बदल रहा है। इसीलिए मानसून ट्रफ में भी हलचल शुरू हो गई है।
इस साल मौसम विभाग पूरी तरह रहा विफल!
दिल्ली में मानसून की दस्तक को लेकर मौसम विभाग इस बार पूरी तरह विफल रहा है। सबसे पहले मानसून के पूर्वानुमान में 25 जून को दिल्ली पहुचंने की संभावना थी। इसके बाद मानसून के 22 जून तक दिल्ली पहुंचने के आसार बताए गए। फिर 22 जून के बुलेटिन में कहा गया कि अगले तीन दिनों में आएगा। 23 जून के बुलेटिन में भी अगले तीन दिनों की संभावना जताई गई। 24 जून के बुलेटिन में दो दिनों में और 25 जून के बुलेटिन में 36 घंटे में मानसून के दिल्ली पहुंचने का पूर्वानुमान किया गया। इसके बाद 26 जून को फिर दिल्ली का जिक्र ही नहीं था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।