दिल्ली सरकार के कामकाज से अगर हैं नाखुश, तो यहां पर चार तरीके से करिए शिकायत; तुरंत मिलेगा जवाब
Delhi Mitra App दिल्ली सरकार ने दिल्ली मित्र एप लॉन्च किया है जो नागरिकों की शिकायतों का समाधान करेगा। इस ऐप के माध्यम से वेब पोर्टल मोबाइल एप वॉट्सऐप और कॉल सेंटर से शिकायतें दर्ज की जा सकेंगी। शिकायतों पर फीडबैक लिया जाएगा और समाधान न होने पर उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली।(Delhi Mitra App kya hai) दिल्ली के लोगों की समस्याओं को प्रभावी रूप से सुलझाने के लिए दिल्ली सरकार की केबिनेट ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब ‘दिल्ली मित्र एप- जन शिकायत समाधान’ प्रणाली के जरिए उनकी सभी शिकायतों का निवारण किया जाएगा।
इस एप से दिल्ली सरकार, दिल्ली पुलिस, नगर निगम समेत सभी विभागों से जुड़ी शिकायतों का निपटारा किया जाएगा। शिकायतों का हर हाल में समाधान करने के लिए सिस्टम को बेहद मजबूत बनाया गया है और निगरानी की ठोस व्यवस्था की गई है।
यह प्रणाली आगामी दो माह के भीतर लागू कर दी जाएगी। इसके पश्चात धीरे-धीरे दिल्ली सरकार के मौजूदा सार्वजनिक शिकायत निगरानी प्रणाली (पीजीएमएस) को भी इस नए मंच में एकीकृत कर दिया जाएगा, ताकि शिकायत निवारण के सभी साधन एक ही जगह उपलब्ध हो सकें। दिल्ली सचिवालय में मंगलवार को आयोजित कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की। -
कैबिनेट के फैसले के अनुसार दिल्ली के लोग अब इस सिंगल विंडो के जरिए कुल चार आसान माध्यमों से अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे, इनमें वेब पोर्टल, मोबाइल एप्लिकेशन (आइओएस एवं एंड्राइड दोनों पर उपलब्ध), व्हाट्सएप और काल सेंटर शामिल हैं।
लोग दिल्ली सरकार, दिल्ली पुलिस, डीडीए, दिल्ली नगर निगम, एनडीएमसी, दिल्ली कैंट से जुड़ी शिकायतें यहां दर्ज करा सकेंगे। जो लोग कागज पर लिखी शिकायतें देंगे, उन्हें डिजिटलाइज कर इस एप में डाल दिया जाएगा। इन शिकायतों को मुख्यमंत्री कार्यालय, सभी कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों, मुख्य सचिव व सभी विभागों के कार्यालयों में जमा किया जा सकेगा।
दिल्ली के लोग अपने मोबाइल ओटीपी के माध्यम से पोर्टल अथवा मोबाइल एप पर लागिन कर सकेंगे। प्रत्येक शिकायत के लिए 100 प्रतिशत फीडबैक का प्रविधान होगा। यदि कोई नागरिक निवारण से संतुष्ट नहीं होता, तो उसकी नकारात्मक प्रतिक्रिया के आधार पर शिकायत स्वतः उच्च अधिकारियों तक पहुंच जाएगी, ताकि बेहतर निवारण हो सके।
अगर शिकायतकर्ता फिर भी संतुष्ट नहीं है तो उसे तीसरा अवसर भी मिलेगा। शिकायत दर्ज होने के बाद उसकी स्थिति की जानकारी नागरिकों को प्रत्येक चरण पर एसएमएस अलर्ट के माध्यम से दी जाएगी। इससे शिकायतकर्ता को यह पता चलता रहेगा कि उनकी समस्या किस स्तर पर और किस चरण में है।
शिकायतों के समयबद्ध निपटान के लिए प्रत्येक विभाग जन शिकायत समाधान अधिकारी को यह सुनिश्चित करना होगा कि वे प्रत्येक बुधवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिना किसी पूर्व समय निर्धारण के नागरिकों से प्रत्यक्ष रूप से मिलें और उनकी शिकायतों का समाधान करें।
दिल्ली मित्र एप दिल्ली सरकार की सोच का प्रतिबिंब-सीएम रेखा गुप्ता
दिल्ली मित्र एप केवल एक तकनीकी पहल नहीं है, बल्कि यह दिल्ली सरकार की उस सोच का प्रतिबिंब है, जिसमें नागरिक सर्वोपरि हैं। हमारी सरकार चाहती है कि प्रत्येक नागरिक को यह विश्वास हो कि उसकी बात सुनी जाएगी और उसका समाधान समय पर होगा।
यह पहल दिल्ली को सुशासन की दिशा में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। सरकार का यह निर्णय शासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध सेवा सुनिश्चित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री- दिल्ली सरकार
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।