Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली-मेरठ के बीच रैपिड रेल Namo Bharat का इंतजार खत्म, कॉरिडोर के पहले स्टेशन पर चल रहा फिनिशिंग का काम

    Updated: Tue, 08 Jul 2025 08:13 PM (IST)

    दिल्ली से मेरठ तक 82 किलोमीटर का नमो भारत कॉरिडोर तैयार है। वर्तमान में ट्रेनें न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक चल रही हैं। सराय काले खां स्टेशन पर फिनिशिंग का काम चल रहा है और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से जोड़ने के लिए एफओबी बन रहा है। जुलाई तक पूरे ट्रैक पर नमो भारत के चलने की संभावना है जिससे दिल्ली-मेरठ का सफर एक घंटे में पूरा होगा।

    Hero Image
    दिल्ली से मेरठ तक नमो भारत ट्रेन की तैयारी पूरी, जल्द चलने के आसार।

    संजीव गुप्ता, नई दिल्ली : देश की पहली रीजनल रैपिड रेल सेवा नमो भारत अब दिल्ली से मेरठ तक 82 किमी लंबे काॅरिडोर पर दौड़ने के लिए तैयार है।

    वर्तमान में नमो भारत ट्रेनें दिल्ली के न्यू अशोक नगर से लेकर मेरठ साउथ तक 55 किमी के खंड में 11 स्टेशनों पर परिचालित हैं।

    काॅरिडोर के अपरिचालित खंड में दिल्ली में सराय काले खां और न्यू अशोक नगर के बीच 4.5 किमी का हिस्सा एवं मेरठ में मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच लगभग 23 किमी का हिस्सा शामिल है।

    ट्रायल रन किया जा चुका है पूरा

    काॅरिडोर के इस हिस्से पर फिनिशिंग का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। ट्रायल रन भी सफलतापूर्वक पूर्ण किए जा चुके हैं। इसके साथ ही ट्रायल रन वाले खंड के कुछ हिस्से में सुरक्षा निरीक्षण भी पूर्ण हो गए हैं और शेष हिस्से में निरंतर चल रहे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सराय काले खां नमो भारत स्टेशन दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ काॅरिडोर का पहला स्टेशन है, जहां सिविल निर्माण, एस्केलेटर, लिफ्ट और प्लेटफार्म स्क्रीन डोर (पीएसडी) आदि लगाने का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। स्टेशन के पांच प्रवेश-निकास के लिए फिनिशिंग का काम तेजी से चल रहा है।

    सराय काले खां नमो भारत स्टेशन को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से निर्बाध रूप से जोड़ने के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) द्वारा 280 मीटर लंबे फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निर्माण भी किया जा रहा है, जिसमें छह स्वचालित ट्रैवेलेटर की सुविधा प्रदान की जाएगी।

    शताब्दी नगर स्टेशन 215 मीटर लंबा और 17 मीटर ऊंचा

    एफओबी का सिविल निर्माण कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है और सभी छह ट्रैवेलेटर स्थापित कर दिए गए हैं। इसकी भी फिनिशिंग का कार्य चल रहा है। मेरठ में मेरठ साउथ स्टेशन से आगे, तीन और नमो भारत स्टेशन हैं- शताब्दी नगर, बेगमपुल व मोदीपुरम।

    शताब्दी नगर स्टेशन करीब 215 मीटर लंबा और करीब 17 मीटर ऊंचा है। ये स्टेशन परिचालन के लिए पूरी तरह से तैयार है, जहां से नमो भारत और मेरठ मेट्रो दोनों की सेवाएं उपलब्ध होंगी।

    महज एक घंटे में दिल्ली से मेरठ का सफर

    एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने बताया कि काॅरिडोर और स्टेशन सभी कुछ लगभग तैयार है। अब केवल मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त से एनओसी मिलने व केंद्र सरकार से हरी झंडी आने का इंतजार है।

    संभावना जताई जा रही है कि जुलाई में नमो भारत पूरे ट्रैक पर दौड़ने लगेगी। मेरठ से दिल्ली तक का सफर महज एक घंटे में पूरा हो सकेगा। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि इस पूरे काॅरिडोर पर नमो भारत ट्रेन के परिचालन का लक्ष्य हालांकि जून 2025 था।

    काॅरिडोर के बारे में जानिए

    • दिल्ली - मेरठ कारिडोर की लंबाई 82 किमी
    • कुल नमो भारत स्टेशन- 16 (जंगपुरा-मोदीपुरम)
    • मेरठ मेट्रो स्टेशन- 13 (मेरठ साउथ- मोदी पुरम डिपो)
    • परिचालित खंड की लंबाई- 55 किमी
    • परिचालित स्टेशन - 11 (न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ)
    • नमो भारत ट्रेन की रफ्तार- 160 किमी प्रति घंटा
    • यात्रा समय- एक घंटे से कम