Delhi MCD: दस साल से गायब थे कर्मी, कई नोटिस जारी करने भी नहीं दिया जवाब, निगम ने किया कार्यमुक्त
निगम के अनुसार लंबे समय से अनुपस्थित सभी कर्मचारियों को सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कार्यमुक्त करने की प्रक्रिया चल रही है। जिनकी औपचारिकताएं पूरी हो गई है उन्हें कार्यमुक्त किया जा रहा है। लंबे समय से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों की सूची अभी लंबी है।

नई दिल्ली [निहाल सिंह]। लगातार अनुपस्थित कर्मचारियों को लेकर निगम ने एक बार फिर 21 दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई है। निगम ने इस सभी कर्मचारियों को कार्यमुक्त कर दिया है। करीब दस वर्षों से यह कर्मचारी नौकरी पर नहीं आ रहे थे। इस दौरान निगम ने कई नोटिस दिए लेकिन कोई उत्तर न मिलने के बाद अब इन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया है। इससे पहले निगम ने नजफगढ़ जोन में 66 ऐसे ही सफाई कर्मचारियों को कार्यमुक्त किया था।
निगम के 54 हजार सफाई कर्मचारी
निगम के अनुसार लंबे समय से अनुपस्थित सभी कर्मचारियों को सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद कार्यमुक्त करने की प्रक्रिया चल रही है। जिनकी औपचारिकताएं पूरी हो गई है उन्हें कार्यमुक्त किया जा रहा है। लंबे समय से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों की सूची अभी लंबी है। पर्यावरण प्रबंधंन सेवाएं विभाग (डेम्स) के साथ ही निगम उद्यान और अन्य विभागों में ऐसे कर्मचारियों को कार्यमुक्त करने पर काम कर रहा है। निगम में इस समय 54 हजार सफाई कर्मचारी तैनात हैं।
बायोमैट्रिक अनिवार्य होने से ऐसे कर्मचारियों की बढ़ गई अनुपस्थिति
निगम में भूतिया कर्मचारी यानि जिनका वेतन तो जारी होता था, लेकिन वह नौकरी पर नहीं आते थे। ऐसे में भूतिया कर्मचारियों की होने की खबरें पहले भी आती रही है। करीब आठ वर्ष पहले निगम में बायोमेट्रिक को अनिवार्य किया गया । ऐसे में जो कर्मचारी लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे उनमें यह भी संभव है कि वह भूतिया कर्मचारी हो, क्योंकि जो कर्मचारी कार्यमुक्त किए गए हैं वह बायोमैट्रिक से हाजिरी की व्यवस्था के लागू होने के आस-पास की समय-सीमा से अनुपस्थित रह रहे हैं।
कई कर्मचारियों को बायोमैट्रिक आवंटित नहीं
इनमें कई कर्मचारियों को बायोमैट्रिक आइडी तो आवंटित थी तो कई कर्मचारियों को यह बायोमैट्रिक आइडी आवंटित नही थी। ऐसे में संभव है कि लंबे समय से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारी असलियत में हो ही न। निगम कर्मचारियों और अधिकारियों की मिली भगत से यह खेल चल रहा हो।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।