MCD Election: एमसीडी चुनाव में महिलाओं का रहेगा वर्चस्व, सभी दलों ने तय सीटों से अधिक पर बनाया प्रत्याशी
Delhi MCD Election 2022 एमसीडी चुनाव में सभी दलों ने इस बार महिला उम्मीदवारों पर ज्यादा भरोसा जताया है। तय सीटों से अधिक पर महिला प्रत्याशियों को टिकट दिया गया है। राज्य चुनाव आयोग को आचार संहिता के उल्लंघन की अब तक 176 शिकायतें मिली हैं।

नई दिल्ली [निहाल सिंह]। दिल्ली नगर निगम (MCD Election 2022) चुनाव के नतीजे जो भी हो, लेकिन इस बार महिला पार्षदों का वर्चस्व रहने वाला है, क्योंकि सभी दलों ने तय संख्या से अधिक महिला प्रत्याशी निगम चुनाव में उतारी हैं। यही वजह है कि 1349 कुल उम्मीदवारों में महिला प्रत्याशियों की संख्या ज्यादा है। 1349 में 709 महिला प्रत्याशी हैं जबकि 640 पुरुष प्रत्याशी हैं।
AAP ने उतारीं सबसे अधिक महिला प्रत्याशी
दिल्ली नगर निगम में 250 सीटें हैं। जिसमें 50 प्रतिशत आरक्षण के चलते 104 सीटें सीधे तौर महिलाओं के लिए आरक्षित हैं जबकि 21 सीटें अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। शेष 104 सीटे सामान्य के लिए तो 21 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। सर्वाधिक महिला प्रत्याशी आम आदमी पार्टी (आप) ने उतारी हैं।
250 सीटों में आप के 140 महिला प्रत्याशी हैं जबकि 110 पुरुष प्रत्याशी है। इसके बाद भाजपा के भी 137 महिला प्रत्याशी हैं और 113 पुरुष प्रत्याशी है। कांग्रेस के 247 प्रत्याशी मैदान में हैं। दो का पर्चा रद हो गया था जबकि एक प्रत्याशी नामांकन भर ही नहीं पाया था। 247 में से 134 महिला प्रत्याशी हैं और 113 पुरुष प्रत्याशी है।
हर साल होता है महापौर का चुनाव
उल्लेखनीय है कि दिल्ली नगर निगम एक्ट के तहत हर वर्ष महापौर का चुनाव होता है। इसमें पहला वर्ष महिला पार्षद के लिए आरक्षित होता है। जबकि तीसरा वर्ष अनुसूचित जाति के पार्षद के लिए आरक्षित होता है। बाक्स राज्य चुनाव आयोग को 176 शिकायतें विभिन्न इलाकों से आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की मिली है।
आयोग के अनुसार 128 शिकायतों का निपटान कर दिया गया है। जबकि शेष में कार्रवाई चल रही है। आयोग ने शिकायतों के लिए मोबाइल एप भी सुविधा दी है। जिससे कोई भी नागरिक घर बैठे शिकायत कर सकता है। आयोग ने बताया है कि आचार संहिता लागू करने के लिए अवैध होर्डिंग्स पोस्टर हटाने का अभियान चल रहा है। जिसके तहत अब तक दस लाख से अधिक अवैध होर्डिंग्स पोस्टर हटा दिए है। इसके साथ ही 4465 मंजूरी निगम ने राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को आनलाइन दी है। जिसमें वाहनों के संचालन के साथ ही रैली कार्यक्रम आदि की इजाजत हैं।
किस दल के कितने पुरुष महिला हैं प्रत्याशी
दल- पुरुष प्रत्याशी- महिला प्रत्याशी- कुल
बसपा- 56 76 132
भाजपा- 113 137 250
सीपीआई- 1 2 3
सीपीाआई (एम)- 2 4 6
कांग्रेस- 113 134 247
एनसीपी- 11 15 26
आम आदमी पार्टी-110 140 250
आल इंडिया फारवर्ड ब्लाक- 3 1 4
एआईएमआईएम- 6 9 15
सीपीआई (एम-एल) 3 2 5
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग- 1 0 1
जेडीयू- 13 9 22
लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास)- 0 1 1
आरएलडी- 1 3 4
समाजवादी पार्टी- 1 0 1
निर्दलीय- 206 176 382
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।