MCD में उप-चुनाव का जल्द होगा शंखनाद, नियुक्त हुए अधिकारी; राजनीतिक दलों में सुगबुगाहट तेज
दिल्ली में एमसीडी के 12 वार्डों में उपचुनाव जल्द हो सकते हैं। राज्य चुनाव आयोग ने निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। इन चुनावों से निगम की सत्ता के समीकरण बदल सकते हैं क्योंकि इनमें से 9 सीटें भाजपा और 3 सीटें आप के पास थीं। 2024 के लोकसभा और 2025 के विधानसभा चुनावों के कारण यह स्थिति बनी है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एमसीडी के 12 वार्डों में उपचुनाव का जल्द शंखनाद हो सकता है। चुनाव के लिए राज्य चुनाव आयोग ने रिटर्निंग अधिकारियों (ईआरओ) की नियुक्ति भी कर दी है। इसके साथ ही चुनाव के लिए संबंधित वार्डों में इस वर्ष की मतदाता सूची अंगीकार करने का भी निर्णय ले लिया है।
आमतौर पर ईआरओ की नियुक्ति होने से तीन से चार माह में चुनाव हो जाते हैं। ऐसे में संभव है कि चुनाव की घोषणा कभी भी हो सकती है। यह चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इन चुनाव से निगम की सत्ता के समीकरणों में भी बदलाव आ सकता है। क्योंकि 12 जिन निगम की सीटों में उप चुनाव होना है उसमें 9 सीटें भाजपा के पास थी जबकि तीन सीटें आप के पास थी।
11 वार्ड पार्षदों के विधायक बनने से रिक्त हुई सीटें
इन सीटों पर उप चुनाव की स्थिति 2024 के लोकसभा और 2025 के विधानसभा चुनाव के कारण हुई है। द्वारका बी वार्ड जहां 2024 में कमलजीत सहरावत के सांसद बनने से रिक्त हुआ था जबकि शेष 11 वार्ड पार्षदों के विधायक बनने से रिक्त हुई है। 12 में से नौ सीटें भाजपा के पार्षद थे जबकि तीन सीटों पर आप के पार्षद थे। इस उप चुनाव में जहां आप के पास निगम की सत्ता जाने के बाद इसमें वापसी का मौका है तो वहीं भाजपा के पास अपनी सत्ता को और मजबूत करने का अवसर भी है।
कांग्रेस यहां पर जोर आजमाइश करके अपनी खोई हुई जमीन को वापस पाने के लिए लड़ाई शुरू कर सकती है।इसमें खास बात यह है कि इन 12 वार्ड में सीएम रेखा गुप्ता जिस वार्ड से पार्षद थी वह भी है। ऐसे में उप चुनाव में शहमात देने का तीनों दलों में खूब जोर चलेगा।
फिलहाल 238 सीटों में फिलहाल आप के पास 113 पार्षद
राज्य चुनाव आयुक्त विजय देव ने निगम के 12 सीटों के उप चुनाव के लिए ईआरओ की नियुक्ति के साथ ही मतदाता सूची को अंगीकार कर लिया है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली नगर निगम में 250 वार्ड हैं। 12 वार्ड रिक्त होने की वजह फिलहाल 238 सीटों में फिलहाल आप के पास 113 पार्षद हैं जबकि भाजपा के पास 117 पार्षद हैं। जबकि आठ पार्षद कांग्रेस के पास हैं। राज्य चुनाव आयोग की अधिसूचना के अनुसार विभिन्न जिलों में कार्यरत उप मंडलीय दंडाधिकारियों को ईआरओ निर्वाचित किया है। वहीं कुछ वार्ड में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी और सहायक आयुक्त खाद्य आपूर्ति को भी नियुक्त किया है।
ये वार्ड है रिक्त और यह है वार्डों का आरक्षण
वार्ड का नाम | आरक्षण श्रेणी |
---|---|
मुंडका | सामान्य |
शालीमार बाग-बी | महिला |
अशोक विहार | महिला |
चांदनी चौक | सामान्य |
चांदनी महल | सामान्य |
द्वारका बी | महिला |
दिचाऊं कलां | महिला |
नारायणा | सामान्य |
संगम विहार ए | सामान्य |
दक्षिणपुरी | अनुसूचित जाति |
ग्रेटर कैलाश | महिला |
विनोद नगर | सामान्य |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।