दिल्ली में 10 हजार से अधिक होम गार्ड की होगी भर्ती, इन लोगों को मिलेगी प्राथमिकता; LG ने दी मंजूरी
उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सोमवार को 10 हजार से अधिक होम गार्ड भर्ती करने की मंजूरी दे दी है। एलजी ने होम गार्ड के चयन में अतिरिक्त क्रेडिट के माध्यम से सिविल डिफेंस वालंटियर्स को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। दिल्ली के उपराज्यपाल ने समयसीमा तय करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। पूरी प्रक्रिया की सीसीटीवी द्वारा वीडियोग्राफी की जाएगी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में 10,000 नए होम गार्ड जवानों की नियुक्ति को एलजी वीके सक्सेना ने मंजूरी दे दी है। साथ ही उन्होंने मार्च 2024 तक ये भर्तियां करने के आदेश दिए हैं। एलजी ने 10,285 नए होम गार्ड की नियुक्ति को लेकर सोमवार को एक समीक्षा बैठक भी की।
कब तक होगी भर्ती
इसके बाद उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनवरी 2024 से मार्च 2024 तक भर्ती प्रक्रिया को खत्म किया जाए। राजनिवास की ओर से यह जानकारी भी दी गई है कि एलजी ने यह निर्देश भी दिया है कि भर्ती प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाए और नियुक्ति में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। हटाए गए मार्शलों यानी पूर्व सिविल डिफेंस वालेंटियर्स को नियुक्ति में 10 बोनस अंक देने का निर्देश भी दिया गया है।
क्या होगी होम गार्ड के लिए उम्र सीमा
साथ ही यह भी कहा गया है कि ज्यादा टीमों को लगाकर नियुक्ति प्रक्रिया को गति दी जाए, ताकि शारीरीक जांच प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। राजनिवास अधिकारियों ने बताया कि एक बार नियुक्ति होने पर वालेंटियर्स को हर माह 25,000 रुपये दिए जाएंगे। एलजी ने यह भी आदेश दिया है कि होम गार्ड में नियुक्ति के लिए उम्र सीमा 45 साल कर दी गई है। शैक्षणिक योग्यता कक्षा 10 से 12 रखी गई है।
दिल्ली पुलिस में सिपाही भर्ती में भी इसी तरह की शैक्षणिक योग्यता का नियम है। उपराज्यपाल ने निर्देश दिया है कि हर जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी, दिल्ली पुलिस और सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स बोर्ड के तौर पर काम करेंगे और अभ्यर्थी का शारीरीक परीक्षण करेंगे। एलजी ने कहा कि 15 टीमें यह सुनिश्चित करेंगी कि भर्ती प्रक्रिया तेजी से खत्म हो।
पारदर्शिता के लिए कराई जाएगी वीडियोग्राफी
पारदर्शिता बरतने के लिए सीसीटीवी कैमरे के जरिए पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। 10 स्थानों पर नियुक्ति की जाएगी। सभी जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। एक बार कोई अभ्यर्थी शारीरिक जांच प्रक्रिया को पार कर लेता है तब वो कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा के योग्य होगा। फरवरी 2024 के पहले हफ्ते में शारीरिक माप एवं दक्षता परीक्षा होगी। इसके बाद प्रवेश परीक्षा होगी। फाइनल रिजल्ट मार्च 2024 में घोषित किए जाएंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।