विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सावधान! दिल्ली जल बोर्ड के नाम पर हो रही है ठगी, झारखंड से तीन गिरफ्तार

By Jagran NewsEdited By: Rajesh Kumar
Published: Mon, 02 Jun 2025 12:43 PM (IST)

दक्षिणी दिल्ली पुलिस ने झारखंड से तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये अपराधी दिल्ली जल बोर्ड के नाम ...और पढ़ें

दक्षिणी दिल्ली पुलिस ने झारखंड से तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। फाइल फोटो
दक्षिणी दिल्ली पुलिस ने झारखंड से तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। फाइल फोटो

HighLights

  1. दिल्ली जल बोर्ड के नाम पर ठगी |
  2. झारखंड से तीन जालसाज गिरफ्तार |
  3. फर्जी ऐप से लोगों को बनाते थे शिकार |

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिण पश्चिम जिले के साइबर थाने ने झारखंड से तीन जालसाजों को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली जल बोर्ड के नाम पर पानी के कनेक्शन काटने के फर्जी मैसेज व लिंक भेजकर लोगों को ठगते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि मंडल, रमेश कुमार मंडल व महेंद्र कुमार मंडल के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से ठगी में इस्तेमाल 13 मोबाइल फोन व एक टैबलेट बरामद किया है। आरोपी फर्जी मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए लोगों को अपना शिकार बनाते थे।

पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पहले आरके पुरम में रहने वाले एक व्यक्ति के मोबाइल पर मैसेज आया, जिसमें लिखा था कि उनके पानी के मीटर की रीडिंग अपडेट न होने के कारण रात साढ़े आठ बजे तक उनका पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा। मैसेज में एक संपर्क नंबर भी दिया गया था।

पीड़ित ने उस नंबर पर कॉल किया तो जालसाजों ने उनसे मोबाइल पर एक एप्लीकेशन डाउनलोड करने को कहा। पीड़ित ने जब उस एप्लीकेशन को डाउनलोड किया तो वह दिल्ली जल बोर्ड की एप्लीकेशन जैसी थी। इस पर पीड़ित को लगा कि उसने जल बोर्ड का एप डाउनलोड कर लिया है।

जालसाजों ने पीड़ितों से एप्लीकेशन में पर्सनल डिटेल और इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी डालकर 12 रुपये देने को कहा था। उन्होंने वैसा ही किया, लेकिन ट्रांजेक्शन फेल हो गया। इसके बाद उन्हें मैसेज मिला कि उनके खाते से 38,161 रुपये कट गए हैं। पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जांच के दौरान पुलिस को जालसाजों का झारखंड कनेक्शन मिला। पुलिस टीम ने झारखंड के धनबाद, दुर्गापुर, जामताड़ा, देवघर और इसके आसपास के इलाकों में सात दिनों तक छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने इनके पास से 13 मोबाइल फोन और एक टैबलेट बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल ठगी में किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने इस तरह से कई लोगों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।