Delhi Chunav 2025: 'क्या हरियाणा सरकार मेरे पीने के पानी में जहर मिला सकती है?' पीएम मोदी का केजरीवाल पर हमला
Delhi Chunav 2025 से पहले यमुना के पानी पर जारी सियासी लड़ाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बुधवार को शामिल हो गए। उन्होंने अरविंद केजरीवाल के हरियाणा सरकार पर यमुना के पानी को जहरीला बनाने के दावे पर जमकर हमला बोला। उन्होंने राजधानी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दिल्ली के मतदाताओं से पूछा क्या भाजपा की हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री के पीने के पानी में जहर मिला सकती है?
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली विधानसभा के चुनावी दंगल में उतर गए। उन्होंने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करतार नगर में जनसभा को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, "अब दिल्ली में एक ही आवाज गूंज रही है- AAP-दा नहीं सहेंगे... बदल के रहेंगे!"
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के हरियाणा सरकार पर यमुना के पानी को जहरीला बनाने के आरोप पर पीएम मोदी ने दिल्ली के मतदाताओं कहा कि हरियाणा का भेजा हुआ यही पानी दिल्ली में रहने वाला हर कोई पीता है, पिछले 11 साल से ये प्रधानमंत्री भी पीते हैं, सभी न्यायमूर्ति और बाकी सभी सम्मानित लोग भी पीते हैं।
आप-दा ने भारतीयों का अपमान किया- प्रधानमंत्री
पीएम मोदी ने कहा, "आप-दा वाले कह रहे हैं कि हरियाणा वाले दिल्ली के पानी में जहर मिलाते हैं। ये सिर्फ हरियाणा का नहीं बल्कि भारतीयों का अपमान है, हमारे संस्कारों का अपमान, हमारे चरित्र का अपमान है। ये वो देश है, जहां पानी पिलाना धर्म माना जाता है। ऐसी ओछी बातें करने वालों को दिल्ली इस बार सबक सिखाएगी। इन आप-दा वालों की लुटिया यमुना में ही डूबेगी।"
'5 फरवरी आएगी, AAP-दा जाएगी- पीएम मोदी
पीएम के संबोधन की खास बातें-
- दिल्ली का यह क्षेत्र यमुना किनारे बसा है। बाबा श्याम गिरि भी यहां विराजते हैं। जनसभा का ये दृश्य दिल्ली का मूड बता रहा है। ये दिल्ली के जनादेश के दर्शन करा रहा है।
- दिल्ली कह रही है कि आप 'दा' के फर्जी वादे नहीं चलेंगे। आप 'दा' की लूट और झूठ नहीं चलेगा।
- दिल्ली एक ऐसी सरकार चाहती है जो गरीबों के लिए घर बनाए। हर घर जल पहुंचाए और टैंकर माफिया से मुक्ति दिलवाए।
- बीजेपी की सरकार बनने पर संकल्प पत्र के सारे वादे समय सीमा में पूरे किए जाएंगे। ये मोदी की गारंटी है। मोदी को गारंटी मतलब गारंटी पूरा होने की गारंटी।
- विकसित भारत की राजधानी भी मॉडल शहर बने। क्या दिल्ली में आधुनिक रंग रूप नजर आ रहा है? साथियों मुझे जवाब देने की जरूरत नहीं है। दिल्ली वासी अपनी पीड़ा व्यक्त करते हैं।
- 14 साल कांग्रेस ने राज किया और दिल्लीवासियों ने 11 साल आप 'दा' सरकार को दिए फिर भी समस्या वहीं की वहीं है।
- लोग पीने के पानी के लिए लोग तरस रहे हैं। इन हालातों से दिल्ली को बाहर निकलना है। आपका एक वोट इन मुसीबतों से मुक्ति दिला सकता है।
- पिछले पेंडिंग काम निपटाना है, आगे 20-25 साल की तैयारी करनी है। मोदी को सेवा करने का मौका दीजिए।
- दिल्ली में मुझे आपने सेवा करने का अवसर नहीं दिया। मुझे अवसर दीजिए। जैसे परिवार का मुखिया अपने परिवार का ख्याल रखता है, मैं वैसे ही आपका ख्याल रखूंगा। आपके सपने मेरे सपने होंगे।
- कांग्रेस के जमाने की कोई योजना बंद कर दी क्या... नहीं..हमने उसे आगे बढ़ाया। हम योजना बंद करने वालों में से नहीं, बल देने वालों में से हैं। आपदा वालों ने दिल्ली को पानी माफिया के भरोसे छोड़ दिया।
- इन्होंने यमुना की सफाई के नाम पर वोट मांगे, इनकी बेशर्मी देखिए, अब कह रहे हैं कि यमुना साफ करने से वोट थोड़ी मिलेंगे। अपने राजनीतिक स्वार्थ में आपदा वालों ने एक घोर पाप किया है। कोई माफ नहीं करेगा। दिल्ली नहीं भूल सकती कि एक पूर्व मुख्यमंत्री ने हरियाणा के लोगों पर गंभीर आरोप लगा दिए। क्या हरियाणा के लोग पानी में जहर मिला सकते हैं?
- आपदा वालों की नीयत ही काम करने की नहीं है। पिछले पांच सालों में दिल्ली विधामसभा 70-75 दिन ही चली है। कानून सिर्फ 14 कानून पास हुए, पांच कानून विधायकों की सैलरी तय करने के लिए रहे।
- आपदा वालों को दिल्ली की समस्या से कोई लेना देना नहीं है। इसी आपदा पार्टी ने सेना पर सवाल उठाए थे। ऐसे लोगों को सजा देने का मौका पांच फरवरी को है।
- आप सभी को इनकी (AAP-दा वालों की) एक और चाल से सावधान रहना है।
- आप-दा को हार का एहसास हो चुका है, इनके हर विधायक को लेकर जनता में बहुत गुस्सा है। इसलिए आप-दा और कांग्रेस ने पर्दे के पीछे एक-दूसरे से गठबंधन कर लिया है। आप-दा कोशिश कर रहे हैं कि उसका नहीं तो कांग्रेस का विधायक जीत जाए, ताकि बाद में मिलकर सत्ता हथियाने का काम हो जाए, ऐसे तो दिल्ली पर डबल आपदा आ जाएगी।
जनसभा में आए लोगों का जताया आभार
उन्होंने कहा, "दिल्ली का ये क्षेत्र यमुना जी के तट पर बसा है। इस इलाके में तो बाबा श्याम गिरि भी विराजते हैं, मैं उनको नमन करते हुए आप सभी जनता-जनार्दन को भी प्रणाम करता हूं। वर्किंग डे होने के बावजूद भी आप यहां इतनी विशाल संख्या में दोपहर के समय हम सबको आशीर्वाद देने आए हैं। मैं आपका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।"
महाकुंभ हादसे पर जताया दुख
प्रधानमंत्री ने कहा, "आज की चुनावी सभा को संबोधित करने से पहले मैं महाकुंभ में जो दुःखद हादसा हुआ है, उस हादसे में हमें कुछ पुण्यात्माओं को खोना पड़ा है, कई लोगों को चोट भी आई है। मैं प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं उत्तर प्रदेश सरकार के साथ निरंतर संपर्क में हूं। मौनी अमावस्या की वजह से करोड़ों श्रद्धालु आज वहां पहुंचे हुए हैं। कुछ समय के लिए स्नान की प्रक्रिया में रुकावटें आई थी, लेकिन अब कई घंटों से सुचारू रूप से श्रद्धालु स्नान कर रहे हैं।"
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।