Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Heatwave: रेड अलर्ट के बीच दिल्लीवासियों ने महसूस की 50.8 डिग्री की गर्मी, IMD ने दिया आंधी-पानी का अलर्ट

    Updated: Thu, 12 Jun 2025 07:24 AM (IST)

    दिल्ली में बुधवार को लगातार तीसरे दिन भीषण गर्मी और लू का प्रकोप रहा। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है जिसके अनुसार लोगों को धूप में जाने से बचने की सलाह दी गई है। तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और हीट इंडेक्स 50.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की वर्षा होने की संभावना है।

    Hero Image
    दिन भर गर्म हवा के थपेड़ों और उमस भरी गर्मी से हाल हुआ बेहाल। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। Temperature in Delhi बुधवार को लगातार तीसरे दिन दिल्ली भीषण गर्मी (Weather Tomorrow) और लू की चपेट में रही। तेज धूप और 20 से 40 किमी प्रति घंटे की गर्म हवाओं ने भी हाल बेहाल किया। एसी तक बीच बीच में खराब होने का एहसास कराने लगते तो छतों पर रखी टंकियों का पानी भी बिना गीजर के उबलता हुआ मिला।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तापमान भले 43.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, लेकिन हीट इंडेक्स 50.8 डिग्री दर्ज किया गया। आलम यह रहा कि दोपहर बाद मौसम विभाग को पूर्व में जारी येलो अलर्ट को भी रेड अलर्ट में बदलना पड़ गया।

    बृहस्पतिवार के लिए भी मौसम विभाग ने रेड अलर्ट ही जारी कर दिया है। चुभन भरी गर्मी और लू के बीच अधिकतम तापमान भी 45 डिग्री के पार जा सकता है।

    दिनभर रहे साफ आसमान और निकली रही तेज धूप

    बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आयानगर में यह सर्वाधिक 45.0 डिग्री रिकार्ड हुआ।

    Delhi में आया नगर, लोधी रोड और पालम में लू वाले हालात भी बने रहे। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री कम 27.2 डिग्री दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर 73 से 31 प्रतिशत रहा।

    मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार को देर शाम या रात के समय 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने, गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने और हल्की वर्षा होने की भी संभावना है।

    मौसम विभाग के वरिष्ठ विज्ञानी डा नरेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार तक भीषण गर्मी जारी रहने की उम्मीद है। शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे दिल्ली में हल्की वर्षा हो सकती हैं। शुक्रवार से लू की तीव्रता भी कम होने के आसार हैं।

    14 से 17 जून तक दिल्ली के तापमान में 37 से 42 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है। साथ ही हल्की से मध्यम वर्षा और तेज़ हवाएं चल सकती हैं, जिससे गर्मी की चुभन भी कम हो सकती है।

    वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार बुधवार को राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 245 यानी ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। पीएम 2.5 तथा पीएम 10 का स्तर भी सामान्य से अधिक दर्ज हुआ। इस समय ओजोन का स्तर भी काफी बढ़ा हुआ चल रहा है।

    रेड अलर्ट का क्या है मतलब?

    रेड अलर्ट जारी होने का मतलब है- कार्रवाई करने की चेतावनी। इसके मुताबिक, लोगों को धूप में जाने से बचने की सलाह दी जाती है। हाइड्रेटेड रहने और बाहरी गतिविधियों को सीमित करने का आग्रह किया जाता है।

    यह अलर्ट सभी उम्र के लोगों में गर्मी से होने वाली बीमारी और हीट स्ट्रोक की बहुत अधिक संभावना की चेतावनी देता है और कमजोर लोगों के लिए अधिक देखभाल की सलाह देता है।

    प्रमुख जगहों का अधिकतम तापमान (डिग्री से. में)

    जगह तापमान

    • आयानगर 45.0
    • पालम 44.5
    • रिज 43.6
    • पीतमपुरा 43.5
    • लोधी रोड 43.4
    • मयूर विहार 40.9
    • सफदरजंग 43.3