Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Orange Alert in Delhi-NCR: आसमान से बरसी आग, दिल्ली में 47 डिग्री पहुंचा तापमान; रविवार को भी नहीं मिलेगी हीटवेव से राहत

    By Geetarjun GautamEdited By:
    Updated: Sun, 15 May 2022 05:28 AM (IST)

    Delhi NCR Weather Forecast इस सीजन में 14 मई का दिन सबसे गर्म रहा है। कई इलाकों में आठ डिग्री तक अधिकतम तापमान ज्यादा रहा। गर्मी से रविवार को भी राहत के आसार नहीं हैं। अगले कुछ दिन ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।

    Hero Image
    दिल्ली में 47 पहुंचा तापमान, रविवार को भी नहीं मिलेगी हीटवेव से राहत

    नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। शनिवार को दिल्ली में आसमान से आग बरसी। दिन भर लू चलती रही। आलम यह रहा कि शनिवार का दिन इस सीजन का सबसे गर्म रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में तो यह सामान्य से आठ डिग्री तक ज्यादा रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को भी दिल्ली वासियों को ऐसी ही झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शनिवार को सुबह से ही तेज धूप खिल गई थी। दिन चढ़ने के साथ ही यह और तीखी होती गई। सुबह 10 बजे से ही लोगों का घर से बाहर निकलना दूभर होने लगा। दोपहर होते होते गर्म हवा के थपेड़े महसूस होने लगे। दिल्ली का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा। हवा में नमी का स्तर 83 से 14 फीसदी तक रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, इससे पहले 28 अप्रैल को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

    मुंगेशपुर में लोगों को सबसे ज्यादा गर्मी झेलनी पड़ी। यहां अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो कि सामान्य से आठ डिग्री ज्यादा है। नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से सात डिग्री ज्यादा है।

    मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को भी भीषण गर्मी का ही सामना करना पड़ेगा। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में लू या भीषण लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया है।

    मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। धूल भरी आंधी आने की संभावना है। इससे अधिकतम तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। इसके बाद भी तीन दिनों तक छिटपुट बादलों की वजह से झुलसाने वाली गर्मी से राहत बनी रहेगी। जबकि 20 मई से दिल्ली एक बार फिर से लू की चपेट में आएगी।

    उधर स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने कहा, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में चलने वाली गर्म और शुष्क पश्चिमी हवाएं तापमान को और ऊपर ले जाएंगी। रविवार को इसके 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

    उन्होंने यह भी कहा, पंजाब और हरियाणा पर चक्रवाती हवाओं का एक क्षेत्र प्री-मानसून गतिविधियों को बढ़ावा देगा जिससे सोमवार और मंगलवार को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।"

    कहां पर कितना रहा तापमान और सामान्य से था कितना ज्यादा

    सफदरजंग 44.2 - 05 डिग्री

    पालम 44.6 - 05 डिग्री

    लोधी रोड 44.4 - 05 डिग्री

    रिज 45.4 - 06 डिग्री

    आयानगर 45.4 - 05 डिग्री

    जफरपुर 45.8 - 06 डिग्री

    मुंगेशपुर 47.2 - 08 डिग्री

    पीतमपुरा 46.4 - 07 डिग्री

    स्पोर्ट्स कांप्लेक्स 46.9 - 04 डिग्री

    नजफगढ़ 47.0 - 07 डिग्री

    हवा की गुणवत्ता फिर हुई खराब

    शनिवार को दिल्ली एनसीआर की वायु गुणवत्ता फिर से खराब श्रेणी में पहुंच गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के मुताबिक शनिवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 270 के अंक पर रहा। फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 267, गाजियाबाद का 258, ग्रेटर नोएडा का 267, गुरुग्राम का 235 और नोएडा का 306 दर्ज किया गया।