Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में बाढ़ का कहर: यमुना का पानी सिविल लाइंस के घरों में घुसा, जनजीवन अस्त-व्यस्त

    Updated: Thu, 04 Sep 2025 11:18 PM (IST)

    दिल्ली में यमुना बाजार कश्मीरी गेट समेत कई इलाके बाढ़ से प्रभावित हैं। सिविल लाइंस में घरों में पानी भरने से लोग परेशान हैं बिजली गुल है। लोगों का सामान बर्बाद हो गया है और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। मजनू का टीला में शरणार्थी कैंपों की स्थिति खराब है सामान बह गया है और स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ रही हैं।

    Hero Image
    बाढ़ से दूसरे दिन भी हलकान, सिविल लाइंस के घरों में घुसा पानी।

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। यमुना बाजार, कश्मीरी गेट, मजनू का टीला समेत राजघाट, दिल्ली सचिवालय समेत अन्य इलाके दूसरे दिन भी बाढ़ से प्रभावित रहे। सोमवार देर रात सिविल लाइंस की कालोनियों में भी छह फीट तक बाढ़ का पानी भर गया। जिसके चलते मकानों के प्रथम तल के साथ कई लोगों के वाहन भी बाढ़ के पानी में डूब गए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ट्रांसफार्मर के भी बाढ़ के जद में आने से सिविल लाइंस के बाढ़ प्रभावित बेला रोड पर बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिसके कारण लोगों ने पूरी रात अंधेरे में दहशत में काटी। सुबह एनडीआरएफ ने बचाव अभियान चलाकर घरों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा। दो वर्ष पूर्व भी बाढ़ में यह इलाका डूब गया था।

    ऐसे में स्थानीय निवासी शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं कि जब यह इलाका बाढ़ से सुरक्षित नहीं है तो बाकि इलाकों का क्या, जहां उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री से लेकर सभी मंत्री रह रहे हो। स्थानीय निवासी रमन आहूजा के अनुसार, इस बाढ़ के पानी से उनके घर का अधिकतर सामान बर्बाद हो गया।

    बाढ़ के पानी में डूबी गाड़ियों की ओर देखते हुए वह कहते हैं कि पानी भरने से अब उसकी मरम्मत में लाखों रुपये का खर्च आएगा, वह कौन देगा। स्थानीय निवासी सोनाली ने बताया कि बुधवार शाम से ही बाढ़ के पानी के रिंग रोड पार कर उनकी ओर आने से वह लाेग दहशत में आ गए थे तथा सामानों को सुरक्षित करना शुरू कर दिया था, लेकिन बाढ़ ने अधिक मौका नहीं दिया। अब उनके पास घर में खाना बनाने, रहने और पहनने के लिए कपड़े नहीं बचे। नौकरी पर जाने की जगह वह रिश्तेदारों के यहां रहने जा रही हैं।

    दूध, ब्रेड जैसे जरूरी सामान बेचने वाले दुकानदार राहुल ने कहा कि उनके दुकान का सारा सामान खराब हो गया है। ऐसे में क्या शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है कि वह बाढ़ से बचाव का समय रहते इंतजाम करते। इसके लिए जरूरी है कि यमुना किनारे दीवार बनाई जाए।

    इसी तरह, मजनू का टीला में भी पांच से छह फीट तक बाढ़ का पानी जमा रहा। यहां के लोगों की मुसीबत कम नहीं हो रही है। सरिता ने बताया कि बाहर कैंपों में भी उनके लिए जरूरी इंतजाम नहीं है। घर के सारे सामान के साथ बच्चों के स्कूल बैग और जरूरी कागजात तक नष्ट हो गए हैं। अब नए सिरे से जिंदगी शुरू करनी होगी।

    तिब्बती व हिंदू शरणार्थी कैंपों में जिंदगी बेहाल

    मजनू का टीला स्थित तिब्बती व हिंदू शरणार्थी कैंपों पर जिंदगी बेहाल है। मजनू का टीला की संकरी गलियों में बाढ़ का पानी घुस आया है, जिससे घर और दुकानें पानी में डूब गईं है। जबकि, अधिकतर सामान यमुना बहा ले गई है। यमुना किनारे स्थित तिब्बती कालोनी के कैफे कुछ दिन पहले तक छात्रों से गुलजार रहते थे।

    टैटू पार्लर, रेस्तरां, स्पा के साथ ही अन्य दुकानें जगमग रहती थी। लेकिन अब हर ओर बाढ़ का पानी और दर्द है। बाढ़ के पानी ने यहां के हर तरह के कारोबार को तबाह कर दिया है। स्पा मशीने बर्बाद हो गई है। बिहार से आकर रेस्तरां चलाने वाले मुकेश ने बताया कि उनका रेस्तरां पूरी तरह से बर्बाद हो गया है। उनकी चिंता किराये से लेकर फिर से कारोबार खड़ा करने को लेकर है।

    लोबसांग ने बताया कि बिजली के साथ ही मोबाइल नेटवर्क भी बाधित है। जबकि, कालोनी में यमुना किनारे की दुकानों तथा घरों को काफी नुकसान पहुंचा है। इसी तरह, हिंदू शरणार्थी रामबीर ने बताया कि हिंदू शरणार्थी की बस्ती में बाढ़ का पानी आने से अभी तक जमा सारी जमा पूंजी बर्बाद हो चुकी है। पाकिस्तान से किसी तरह वह लोग बचकर यहां शरण ली अब यहां भी यमुना का रौंद्र रूप उनकी गृहस्थी उजाड़ रही है।

    सताने लगी है स्वास्थ्य की चिंता

    बाढ़ से प्रभावित लोगों को स्वास्थ्य की चिंता सताने लगी है। संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। मजनू का टीला निवासी काया ने बताया कि बाढ़ पानी से मच्छरों की समस्या बढ़ गई है। इसी तरह सांप भी आ गए हैं। एक अन्य निवासी हिंदू शरणार्थी लक्ष्मी ने बताया कि कई बच्चे बीमार हो रहे हैं। उनके लिए स्वास्थ्य सुविधा नहीं है।

    comedy show banner
    comedy show banner