उफनती यमुना से दिल्ली में बाढ़ का संकट, मंत्री प्रवेश वर्मा का आश्वासन- सरकार पूरी तरह तैयार
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण तेजी से बढ़ रहा है। मंत्री प्रवेश वर्मा के अनुसार नदी का जलस्तर आज रात खतरे के निशान को पार कर सकता है जिससे बाढ़ का खतरा है। दिल्ली सरकार स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है और नागरिकों को आश्वस्त किया है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, क्योंकि हथिनीकुंड बैराज से 3 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है।
इस पर दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि अधिकारियों के अनुसार, नदी का जलस्तर आज देर रात खतरे के निशान को पार कर सकता है, जिससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। दिल्ली सरकार ने स्थिति पर कड़ी नजर रखी है और सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
दिल्लीवासियों को घबराने की जरूरत नहीं: वर्मा
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। दिल्ली सरकार हाई अलर्ट पर है और टीमें जमीन पर सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। सरकार हर दिल्लीवासी की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
आसपास के इलाकों को कराया गया खाली
बता दें, पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश हो रही है। इस कारण यमुना नदी में यह पानी 48 से 60 घंटे में दिल्ली में पहुंच जाएगा। यदि पानी का बहाव और तेज होता है तो यह 24 घंटे में दिल्ली में प्रवेश कर जाएगा, जिससे बड़ी तबाही ला सकता है। यमुना नदी के किनारे वाले गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। सरकार ने यहां रहनेवाले लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचा दिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।