Delhi Flood: दिल्ली में बाढ़ का खतरा, कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दिल्ली में बाढ़ की स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने भाजपा सरकार को असंवेदनशील बताया है। हरियाणा द्वारा हथिनी कुंड से पानी छोड़ने से दिल्ली में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है और दिल्ली सरकार इस स्थिति से निपटने में विफल रही है। यादव ने यमुना के आसपास रहने वाले लोगों को बचाने के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने राजधानी में बाढ़ की स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की संवेदनहीनता के कारण दिल्ली एक बार फिर बाढ़ में डूबने की दहलीज पर खड़ी है।
हरियाणा सरकार ने रविवार रात हथिनी कुंड के सभी गेट खोलकर यमुना में करीब तीन लाख क्यूसेक पानी छोड़ दिया। हैरानी की बात यह है कि दिल्ली सरकार इससे निपटने के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं कर पा रही है।
यादव ने कहा कि हथिनी कुंड से पानी छोड़ने से पहले हरियाणा सरकार को दिल्ली सरकार से बात करनी चाहिए थी। रेखा गुप्ता सरकार ने भी दिल्ली में लाखों क्यूसेक पानी छोड़ने को लेकर हरियाणा सरकार से बात नहीं की, कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में पानी एक साथ नहीं छोड़ा जाना चाहिए क्योंकि दिल्ली में यमुना का जलस्तर पहले ही खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है।
यादव ने कहा कि दिल्ली में बाढ़ के संकट को देखते हुए सरकार को यमुना के आसपास रहने वाले लोगों को बचाने के लिए तुरंत उचित कदम उठाने चाहिए। सरकार को सभी संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों में नावों, पंपों, राहत सामग्री और स्वास्थ्य शिविरों की तुरंत उचित व्यवस्था करनी चाहिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।