Encounter: दिल्ली में देर रात हुई धांय-धांय... गोली लगने से बदमाश घायल, तीन आरोपी दबोचा
दिल्ली के हौज खास इलाके में गुरुवार रात गश्त कर रहे मालवीय नगर थाने के एक सिपाही ने तीन संदिग्धों को मोटरसाइकिल पर देखा और पीछा करने पर आरोपियों ने गोली चला दी। वहीं जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के हौज खास में गुरुवार देर रात सिपाही और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सिपाही मालवीय नगर थाने में तैनात है। वह गुरुवार रात को बाइक पर पेट्रोलिंग कर रहे थे, तभी तीन लोगों को उन्होंने संदिग्ध हालत में मोटरसाइकिल पर बैठे देखा। सिपाही को देखकर आरोपी भागने लगे। सिपाही ने उनका पीछा किया तो एशियाड विलेज के पास आरोपियों ने हमला कर दिया।
बताया गया कि पहले बदमाशों ने मुठभेड़ के दौरान सिपाही पर रॉड से हमला किया। इस दौरान सिपाही ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं, सूचना मिलने पर अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए और तीनों बदमाश पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, तीनों लोग दिल्ली में चोरी के इरादे से घूम रहे थे। आरोपी के पास से चोरी की मोटरसाइकिल और औजार बरामद किए गए। घायल आरोपी पर दिल्ली के विभिन्न थानों में 14 मामले दर्ज हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।