Delhi: जल बोर्ड में लंबे समय से एक पद पर तैनात कर्मचारी हटाए जाएंगे, मानव संसाधन का किया जाएगा ऑडिट
दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सोमनाथ भारती का कहना है कि कर्मचारियों की कमी को दूर करने के लिए इनकी तर्कसंगत तैनाती जरूरी है। इसे ध्यान में रखकर जल बोर्ड में उपलब्ध मानव संसाधन का आडिट किया जाएगा।

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सोमनाथ भारती का कहना है कि कर्मचारियों की कमी को दूर करने के लिए इनकी तर्कसंगत तैनाती जरूरी है। इसे ध्यान में रखकर जल बोर्ड में उपलब्ध मानव संसाधन का ऑडिट किया जाएगा। इसके साथ ही कर्मचारियों की नियुक्ति व स्थानांतरण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। संवेदनशील पदों पर लंबे समय से तैनात कर्मचारियों को वहां से हटाया जाएगा।
मानव संसाधन का होगा ऑडिट
भारती ने जल बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मानव संसाधन ऑडिट से पता चलेगा कि किस विभाग में कितने कर्मचारियों की जरूरत या कमी है। कई पदों का महत्व या तो खत्म हो गया है या बहुत कम रह गया है। गैरजरूरी पदों की पहचान कर इन कर्मचारियों को दूसरे विभागों मेें भेजा जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशील पदों पर लंबे समय से तैनात कर्मचारियों की सूची मांगी है। कोई भी कर्मचारी या अधिकारी किसी संवेदनशील पद पर तीन वर्ष से अधिक समय तक नहीं रह सकता है, क्योंकि इससे भ्रष्टाचार की संभावना बढ़ती है। उन्होंने कहा कि जल बोर्ड के कर्मचारियों व उनके परिवार के लिए हित का ध्यान रखा जाएगा।
नई स्वास्थ्य नीति तैयार करने का निर्देश
उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले इसके लिए अधिकारियों को नई स्वास्थ्य नीति तैयार करने का निर्देश दिया। कर्मचारियों के कौशल विकास के लिए भी कई कदम उठाए जाएंगे। जल बोर्ड में ज्ञान व अनुभव डाटा बैंक बनाने का फैसला किया गया है। इसमें जल बोर्ड के अनुभवी व सेवानिवृत्त कर्मचारियों के तकनीकी और व्यवहारिक अनुभव की जानकारी उपलब्ध होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।