Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Election 2025: चुनाव से पहले दिल्ली का सियासी पारा हाई, अमित शाह और योगी आज फिर करेंगे प्रत्याशियों का प्रचार

    Updated: Tue, 28 Jan 2025 07:32 AM (IST)

    Delhi Vidhan Sabha Election 2025 के लिए चुनाव प्रचार के आखिरी चरण में सियासी पारा हाई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई बड़े नेता मंगलवार को दिल्ली में चुनाव प्रचार करेंगे। शाह कस्तूरबा नगर कालकाजी और बदरपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा व रोड-शो करेंगे जबकि योगी मंगोलपुरी विकासपुरी और राजेंद्र नगर में जनसभा को संबोधित करेंगे।

    Hero Image
    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फाइल फोटो।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के बड़े नेता मैदान में उतरने लगे हैं। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व अन्य भाजपा नेता दिल्ली में चुनाव प्रचार करेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इन क्षेत्रों में होंगी जनसभाएं

    कुल 37 चुनावी कार्यक्रम आयोजित होंगे। शनिवार को अमित शाह ने भाजपा का संकल्प पत्र जारी करने के साथ ही दो जनसभा को संबोधित किया था। मंगलवार को वह कस्तूरबा नगर, कालकाजी और बदरपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा व रोड-शो करेंगे।

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 जनवरी को तीन विधानसभा क्षेत्रों में जनसभा को संबोधित किया था। मंगलवार को वह मंगोलपुरी, विकासपुरी राजेंद्र नगर में जनसभा को संबोधित करेंगे।

    प्रधानमंत्री की रैली की तैयारियों का लिया जायजा

    विधानसभा चुनाव के मद्देनजर न्यू उस्मानपुर खादर में बुधवार को होने जा रही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली की तैयारियां जोरों पर हैं। सोमवार को रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश महामंत्री पवन राणा और पूर्व महापौर जय प्रकाश पहुंचे।

    वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि रैली की तैयारियां पूरी हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार दिल्ली में लोगों ने ठान लिया है, इस बार डबल इंजन की सरकार बनाकर रहेंगे। भाजपा के सत्ता में आते ही आयुष्मान योजना का लाभ दिल्ली के लोगों को मिलेगा।

    अबकी बार आम आदमी पार्टी का सत्ता से सफाया हो जाएगा: स्मृति इरानी

    पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी सोमवार को गोकलपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित भाजपा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में पहुंचीं। उनके निशाने पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व कांग्रेस रही। दावा किया कि इस विधानसभा चुनाव में झूठ के साथ आप सत्ता से बाहर हो जाएगी।

    स्मृति इरानी ने कहा कि दिल्ली में बिजली, पानी की आपूर्ति के साथ सीवर सिस्टम फेल हो गया है। लोगों को रेवडियां बांटने से विकास नहीं होता है। इससे राज्य की आर्थिक स्थिति खराब होती है। दिल्ली में बीमार लोगों को अस्पतालों में इलाज नहीं मिल रहा है।

    दिल्ली में सफाई व्यवस्था का स्तर किसी से छिपा नहीं- भाजपा

    आरोप लगाया कि दिल्ली को छोड़कर बाकी राज्यों में लोग केंद्र सरकार की आयुष्मान योजना का लाभ लेकर अस्पतालों में बेहतर इलाज करवा रहे हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्ली के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं लेने दे रही है। दिल्ली में सफाई व्यवस्था का क्या स्तर है किसी से छिपा नहीं है। कूड़े के पहाड़ खत्म नहीं करवा सके। दिल्ली के लोग दूषित हवा में सांस ले रहे हैं, इसके लिए दिल्ली सरकार जिम्मेदार है।

    उन्होंने कहा यह चुनाव भाजपा का विधायक को बनाने का चुनाव नहीं है। यह चुनाव ऐसा समाधान देने का चुनाव है कि आपके इलाके में किसी भी बहन की आंखों से आंसू न छलके। दावा किया इस बार दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।