Delhi Dhobi Ghat: दिल्ली के सीमापुरी में धोबियों के सामने अजीब संकट, अब कैसे धोएं कपड़े
Delhi Dhobi Ghat पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी धोबी घाट पर पानी का संकट गहरा गया है। प्रशासन ने अवैध सबमर्सिबल को सील कर दिया जिससे धोबियों का कामकाज ठप हो गया है। वे मंदिर से पानी लाकर काम चला रहे हैं। धोबियों का कहना है कि यमुना में कपड़े धोने की अनुमति नहीं है और घाट का पानी कनेक्शन काट दिया गया है ऐसे में वे अपना कारोबार कैसे करें।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। सीमापुरी धोबी घाट पर धोबियों के सामने कपड़े धोने का संकट खड़ा हाे गया है। कुछ दिनों पहले दिल्ली जल बोर्ड ने शाहदरा जिला प्रशासन को अवैध सबमर्सिबल की लिस्ट दी थी। उसपर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने घाट में लगे सबमर्सिबल को सील कर दिया।
इसके बाद घाट में पानी का संकट हो गया है। यहां कामकाज ठप सा हो गया है। पास के एक मंदिर से पानी लेकर काम चला रहे हैं। घाट पर 15 धोबी काम करते हैं। घाट पर काम करने वाले लोगों का सरकार व प्रशासन से यह सवाल है कि पानी का कनेक्शन कटने के बाद वह अपना कारोबार कैसे करें।
जमीन भी सरकारी है। सीमापुरी घाट समिति के प्रधान ओम प्रकाश ने कहा कि सरकार ने बोरवेल करके दिया था। लेकिन बोरवेल पूरी तरह से खराब हो गया था। उसमें पानी नहीं आता था।
उसके बाद सबमर्सिबल लगाया गया। लेकिन प्रशासन ने उसे सील कर दिया। यमुना में सरकार कपड़े धोने नहीं देती है, घाट पर लगे पानी के कनेक्शन को काट दिया। ऐसे में यहां काम कैसे करें।
डीडीए ने जब घाट बनाकर दिया था, उसके कागजात में यह नहीं लिखा था पानी के लिए सबमर्सिबल का कनेक्शन दिया जाए : मोहन कुमार
एसडीएम मोहन कुमार ने कहा कि घाट सरकारी है। घाट समिति ने डीडीए के जो कागजात दिखाए हैं, उसमें कहीं भी यह नहीं लिखा है कि यहां पानी के लिए सबमर्सिबल का कनेक्शन दिया हुआ है। उमसें सिर्फ घाट का जिक्र है।
दिल्ली जल बोर्ड की ओर से प्रशासन को अवैध सबमर्सिबल की लिस्ट दी गई थी। उस लिस्ट के अनुसार प्रशासन ने कार्रवाई की। घाट के लिए सबमर्सिबल का कनेक्शन चाहिए तो जल बोर्ड को आवेदन करें।
बिना पानी के कोई कैसे कपड़े धो सकता है। यह सरकारी धोबीघाट है। यमुना को प्रदूषण से बचाने के लिए कांग्रेस सरकार ने दिल्ली में अलग-अलग जगह घाट बनाकर दिए थे। उसमें पानी की भी व्यवस्था दी गई थी। दिल्ली जल बोर्ड को घाट में पानी का कनेक्शन देना चाहिए।
वीर सिंह धिंगान, विधायक सीमापुरी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।