Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Crime: शकरपुर में महिला से लूट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, प्रमोद पर पहले से दर्ज हैं 26 केस

    Updated: Sun, 10 Aug 2025 01:08 PM (IST)

    दिल्ली पुलिस ने शकरपुर इलाके में एक महिला से लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान प्रमोद नितिन और अंगद के रूप में हुई है। प्रमोद पर पहले से 26 मामले दर्ज हैं और वह मयूर विहार थाने का घोषित बदमाश है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है और आगे की जांच कर रही है।

    Hero Image
    पूर्वी जिले के स्पेशल स्टाफ ने बदमाशों को दबोच लिया। (सांकेतिक तस्वीर)

    जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। शकरपुर इलाके में सात अगस्त की रात को बीच गली में पीछे से गला दबाकर महिला से चेन व कुंडल लूटने वाले तीन बदमाशों को पूर्वी जिले के स्पेशल स्टाफ ने गिरफ्तार कर लिया है।

    बदमाशों की पहचान मयूर विहार थाने के घोषित बदमाश व त्रिलोकपुरी निवासी प्रमोद उर्फ देव उर्फ चिकना, इसके साथी नितिन व नजफगढ़ निवासी अंगद के रूप में हुई है।

    पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है। प्रमोद पर पहले से लूट, झपटमारी के 26 केस दर्ज हैं। 30 जून 2025 को ही प्रमोद जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस ने तीनों बदमाशों पर संगठित अपराध की धारा लगाई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जिला पुलिस उपायुक्त अभिषेक धानिया ने बताया कि सात अगस्त की रात साढ़े दस बजे रश्मि जैन नाम की महिला से स्कूटी सवार बदमाशों ने गला दबाकर लूट की थी। अपराध की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल स्टाफ की टीम को इसमें लगाया गया। पुलिस ने वारदात स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

    पता चला वारदात में तीन बदमाश शामिल हैं। फुटेज के जरिये पुलिस ने प्रमोद की पहचान की। पुलिस ने त्रिलोकपुरी से नितिन को गिरफ्तार किया। उसके बाद अंगद को दबोचा। आखिर में प्रमोद को गिरफ्तार किया। नितिन पर लूट व झपटमारी के 11 केस पहले से दर्ज हैं। वह गला दबाकर लोगों से लूटपाट करता है। अंगद पर भी एक केस दर्ज है। यह पेशे से डिलीवरी ब्वाय है। तीनों मिलकर वारदात को अंजाम दे रहे थे।