Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मायके जाकर भाइयों को न बांध सके राखी... पत्नी और दो बेटियों की हत्या करने के मामले में आया खौफनाक सच

    Updated: Sat, 09 Aug 2025 08:27 PM (IST)

    पूर्वी दिल्ली के करावल नगर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो बेटियों की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी प्रदीप को जुए और सट्टे की लत थी और वह पत्नी के चरित्र पर शक करता था। परिजनों का आरोप है कि वह पत्नी को मायके जाकर राखी बांधने से रोकना चाहता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

    Hero Image
    करावल नगर में पति ने पत्नी और दो बेटियों की गला घोंटकर कर दी हत्या।

    जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। करावल नगर थाना क्षेत्र के भगत सिंह कालोनी में एक व्यक्ति ने शुक्रवार देर रात अपनी पत्नी व दो नाबालिग बच्चियों की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोप है पति नहीं चाहता था कि उसकी पत्नी मायके जाकर भाइयों की कलाई पर राखी बांधे। मृतकों की पहचान जयश्री, इनकी दो बेटियों इशिका (7) और नीटू (5) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित प्रदीप कुमार कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पुलिस को पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसे जुआ व सट्टे की लत है। उसपर कर्ज भी है। बेटियों की देखरेख नहीं कर पा रहा था। पत्नी के चरित्र पर भी शक करता था, उसे लगता था कि पत्नी किसी दूसरे युवक से प्यार करती है। इन सब बातों को लेकर दंपती में झगड़े होते थे।

    आरोप है कि प्रदीप अपनी पत्नी को मारता पीटता भी था। मायके वालों से फोन पर बात भी नहीं करने देता था। मायके वालों का आरोप है कि आरोपित जयश्री मायके जाकर भाइयों को राखी न बांध सके, इसलिए उसकी व बच्चों की हत्या की गई है। आरोप है कि आरोपित के परिवार के अन्य सदस्य भी इसमें शामिल हैं। पुलिस इन बिंदुओं की भी जांच कर रही है।

    जयश्री अपने परिवार के साथ भगत सिंह कालोनी में रहती थी। वह गृहणी थी। वह मूलरूप से बुलंदशहर के औरंगाबाद स्थित डिबाई गांव की रहने वाली थी। वर्ष 2017 उनकी शादी प्रदीप से हुई थी। प्रदीप का आजादपुर मंडी में फलों का काम है।

    पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह 7:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि घर के अंदर महिला व उसकी दो बच्चियों की हत्या कर दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंची। एक ही बेड पर तीनों शव पड़े हुए थे। पति समेत परिवार के अन्य सदस्य फरार थे। घर पर मृतका की बुजुर्ग सास रामकुमारी थी। रामकुमारी ने पुलिस को पहले बरगलाया कि उनके बेटे शुक्रवार रात को ही रिश्तेदारी में राखी बंधवाने के लिए चले गए थे।

    पुलिस ने पड़ोसी के घर का फुटेज चेक किया तो पता चला सुबह साढ़े पांच बजे प्रदीप घर से बाहर जाता दिखा। उसके बाद उसके दोनों शादीशुदा भाई अपने परिवार के साथ वहां से भागते हुए दिख रहे हैं। पुलिस ने महिला की सास को हिरासत में लिया। शाम के वक्त पुलिस ने आरोपित को टेक्निकल सर्विलांस के जरिये मुंकुंद विहार से गिरफ्तार कर लिया

    महिला के स्वजन का आरोप पैसों के लिए मारता पीटता था

    महिला के भाई चंद्रभान ने बताया कि उनका जीजा प्रदीप अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। उससे पैसे मांगता था। जुआ व सट्टे की लत थी। वह अपनी दोनों बेटियों को भी पसंद नहीं करता था। उसे बेटा चाहिए था। आरोप लगाया कि उसने कई बार मारपीट करके उनकी बहन को घर से भी निकाला था।

    परिवार ने शादी बचाने की वजह से कभी पुलिस में शिकायत नहीं की। जब भी ऐसा मामला होता था तो बैठकर सुलझा लिया करते थे। वह मायके वालों से बात नहीं करने देना चाहता था। परिवार इंतजार कर रहा था कि राखी पर जयश्री राखी बांधने के लिए आएंगी। क्योंकि उसने दो दिन पहले ही आने की बात कही थी।

    करावल नगर ने हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है। दंपती के बीच घरेलू समेत कई मामलों को लेकर विवाद होता था। - आशीष मिश्रा, उत्तर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त