Delhi CM Oath Ceremony: दिल्ली को मिलेगा नया CM, रामलीला मैदान में होगा भव्य शपथ समारोह; 10 प्वाइंट में जानिए क्या है खास?
27 साल बाद भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह भव्य और ऐतिहासिक होगा। राजधानी दिल्ली में रामलीला मैदान में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण से एक ऐतिहासिक पन्ना जुड़ जाएगा। वैसे 12 एकड़ में फैला रामलीला मैदान पूर्व में भी राजनीति से लेकर तमाम ऐतिहासिक सामाजिक घटनाओं का गवाह रहा है। इसलिए नई सरकार के लिए रामलीला मैदान के चयन ने किसी को हैरान नहीं किया है।

नेमिष हेमंत, नई दिल्ली। दिल्ली की सत्ता में 27 वर्ष के वनवास के बाद लौटी भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह भी भव्य, ऐतिहासिक और भगवामय होगा। ऐतिहासिक रामलीला मैदान में दोपहर में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह तथा केंद्र सरकार के अन्य मंत्रियों की मौजूदगी तो रहेगी ही, साथ दिल्ली को लेकर अब देश के 21 राज्यों में भाजपा या गठबंधन की सरकार है।
ऐसे में ऐतिहासिक तौर पर कम से कम 15 राज्यों के मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री भी एक मंच से 21वीं सरकार के गठन का गवाह बनेंगे। शपथ ग्रहण समारोह तकरीबन आधे घंटे का रहेगा, जिसमें मुख्यमंत्री के साथ सात मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी।
वहीं, विशाल रामलीला मैदान के भीतर व बाहर करीब एक लाख दिल्ली वासियों की भी मौजूदगी रहेगी, जिसमें से 50 हजार लोग अंदर तो 50 हजार बाहर रहेंगे।
मैदान को व्यवस्था के मद्देनजर 20 ब्लाक में बांटा गया है। जिसके प्रबंधन के लिए पार्टी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। अंदर सभी के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई है।
शपथ ग्रहण समारोह के लिए कुल तीन मंच बनाए गए हैं। मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री, गृहमंत्री व अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में उपराज्यपाल वीके सक्सेना भावी मुख्यमंत्री तथा मंत्रीमंडल को शपथ दिलाएंगे तो दूसरे मंच पर सभी नवनिर्वाचित विधायक व सातों सांसदों की मौजूदगी तथा तीसरे मंच पर संत समाज के साथ समाज के वरिष्ठ लोगों की उपस्थिति रहेगी।
26 एलईडी स्क्रीन से होगा लाइव प्रसारण
रामलीला मैदान के भीतर और बाहर 26 एलईडी स्क्रीन और साउंड सिस्टम भी लगाए गए हैं, जिससे शपथ ग्रहण समारोह का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसी तरह लोगों की सुविधा के लिए 100 टायलेट भी लगाए गए हैं। इसी तरह, समुचित पानी की बोतलों का भी प्रबंध किया गया है।
साउंड सिस्टम लगाए गए।
एक लाख लड्डुओं के पैकेट तैयार
समारोह में आने लोगों के लिए एक लाख लड्डुओं के पैकेट तथा पानी की भी व्यवस्था की गई है। एक-एक पैकेट में चार-चार लड्डू रहेंगे, जिसे शपथ ग्रहण के पश्चात निकासी गेट पर आए हुए सभी लोगों को वितरित किया जाएगा। पार्टी के एक पदाधिकारी के अनुसार, यह सुनिश्चित किया जाएगा कि यह प्रसाद सभी आए हुए लोगों को मिले। इसकी जिम्मेदारी तय की गई है।
भगवामय होगा रामलीला मैदान
लंबे इंतजार के बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बन रही है तो इस मौके पर रामलीला मैदान भी भगवामय होगी। पार्टी पदाधिकारियों को भगवा रंग के परिधान पहनकर आने को कहा गया है। साथ ही भगवा पटका और टोपी के साथ हाथ में भाजपा का झंडा लिए होंगे।
देखो देखो कौन आया-शेर आया-शेर आया
इस ऐतिहासिक व बड़ी जीत के नायक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत भी शानदार तरीके से करने की तैयारी है। जैसे ही वह मंच पर आएंगे वैसे ही देखो देखो कौन आया-शेर आया-शेर आया, देखो देखो कौन आया, भारत मां का लाल आया जैसे गगनभेदी नारों के साथ चप्पा-चप्पा भाजपा, भारत माता की जय तथा जय श्री राम के गगनभेदी नारों से शपथ ग्रहण समारोह गुजंता रहेगा।
चांदनी चौक की चाट का स्वाद लेंगे भाजपा के विधायक
भाजपा के नवनिर्वाचित 48 विधायकों के लिए चांदनी चौक के विशेष चाट पकौड़ी का इंतजाम किया गया है, जिसमें गोलगप्पे, आलू टिक्की, भल्ले-पापड़ी, चिला समेत अन्य स्वाद हाेंगे।
देर रात तक चलता रहा अंतिम रूप देने का काम
रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह के लिए मंच के साथ ही अन्य इंतजामों की व्यवस्था करने का काम देर रात्रि तक चलता रहा। मंच निर्माण, कुर्सियों को रखने, मंच पर चढ़ने के लिए सीढ़ियां बनाने, मैदान में गड्ढों को भरने, एलईडी लगाने व साउंड सिस्टम जैसे काम चलते रहे।
चौथे CM के शपथ समारोह का गवाह बनेगा रामलीला मैदान
यह पांचवां मौका होगा जब मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह राजनिवास के बाहर होगा। इससे पहले साहिब सिंह वर्मा का बतौर सीएम शपथ ग्रहण समारोह छत्रसाल स्टेडियम में हुआ था। जबकि, इस रामलीला मैदान में वर्ष 2013, वर्ष 2015 और वर्ष 2020 में अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इस तौर रामलीला मैदान में यह चौथा शपथ ग्रहण समारोह होगा।
डेढ़ हजार से अधिक ऑटो टैक्सी चालक मेहमान
भाजपा ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए विशेष तौर पर डेढ़ हजार से अधिक आटो व टैक्सी चालकाें को भी आमंत्रित किया है। दिल्ली ऑटो रिक्शा, टैक्सी संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सोनी ने बताया कि उन लोगों को भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आमंत्रित किया है। वह लोग परिवार के साथ पहुंचेंगे।
सीएम चुने जाने के बाद अभिवादन करतीं रेखा गुप्ता।
भाजपा की जीत से आटो-टैक्सी चालक हर्षित हैं, क्योंकि भाजपा ने उनके लिए कल्याण बोर्ड के गठन के साथ बीमा व बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था का संकल्प लिया है।
10 प्वाइंट में जानिए क्या होगा खास?
- इस मेगा इवेंट में 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, भाजपा के नेता और दिल्ली चुनावों में प्रचार करने वाले कार्यकर्ता शामिल होंगे।
- 50 से अधिक फिल्मी सितारे और उद्योगपति इस कार्यक्रम में उपस्थित होंगे। शपथ ग्रहण समारोह से पहले एक रंगीन संगीत कार्यक्रम होगा, जिसमें कैलाश खेर परफॉर्म करेंगे।
- प्रमुख देशों के राजनयिकों को भी आमंत्रित किया गया है।
- देश के आध्यात्मिक नेताओं का प्रतिनिधित्व बाबा रामदेव, स्वामी चिदानंद, बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री और अन्य धार्मिक व्यक्तित्व करेंगे।
- दिल्ली के किसान और केंद्रीय सरकार की योजनाओं के लाभार्थी, जैसे लाडली बहन, आम लोग भी इस समारोह में शामिल होंगे।
- भाजपा ने दिल्ली चुनाव परिणामों के 11 दिन बाद शालीमार बाग से अपनी पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता को विधायक दल का नेता चुना है।
- रेखा गुप्ता के पास छह सदस्यीय परिषद होगी। इस परिषद में मनजिंदर सिरसा, आशीष सूद, पंकज कुमार सिंह, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा और प्रवेश वर्मा के नाम शामिल हैं।
- इस महीने की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक वापसी करते हुए 70 सीटों में से 48 सीटें जीत लीं, जबकि आप को केवल 22 सीटें मिलीं।
- भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद आम आदमी पार्टी की 10 साल की सत्ता समाप्त हो गई।
- कई आप नेता महीनों तक जेल में रहे, जिनमें अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया भी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें-
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।