Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi News: दिवाली से पहले सफाई कर्मियों को तोहफा, CM आतिशी ने 607 कर्मचारियों को सौंपा पक्की नौकरी का पत्र

    Updated: Thu, 17 Oct 2024 08:12 AM (IST)

    दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 607 सफाई कर्मचारियों को दिवाली से पहले बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने बुधवार को 607 कर्मचारियों को पक्की नौकरी का पत्र सौंपा। साथ ही कहा कि आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार ने 10000 से ज्यादा सफाई कर्मचारियों को पक्का किया है। साथ ही कहा कि एमसीडी में आने के बाद अपना वादा पूरा किया है।

    Hero Image
    महिला सफाईकर्मी से गले लगातीं मुख्यमंत्री आतिशी। (फोटो सौ.- एमसीडी)

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 607 सफाई कर्मचारियों को नियमित किया है। बुधवार को सिविक सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आतिशी ने सफाई-कर्मचारियों को पक्का करने पत्र सौंपा। सीएम आतिशी ने कहा कि सफाई-कर्मचारियों को समय पर वेतन देना हो या उन्हें पक्का करना, एमसीडी में आने के बाद आप सरकार ने सफाई कर्मचारियों से किए अपने सारे वादे निभाए है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आप सरकार ने 10,000 से ज्यादा कर्मचारियों को किया पक्का 

    उन्होंने कहा कि पिछले दो सालों में अरविंद केजरीवाल के दिशा-निर्देश पर आप सरकार ने 10,000 से ज्यादा सफाई कर्मचारियों को पक्का किया है। सफाई कर्मियों को पक्का करने के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आतिशी ने भगवान वाल्मीकि की भी बात की।

    उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि के हाथ में जो कलम है, वो इस बात का प्रतीक है कि समाज में चाहे कोई कितना भी पीछे खड़ा हो, लेकिन शिक्षा के माध्यम से आगे जरूर बढ़ सकता है। उनके इस सपने को अगर पूरे देश में कोई एक सरकार पूरा कर रही है तो वो दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में आम आदमी पार्टी की सरकार है, जो गरीब बच्चों को विश्वस्तरीय शिक्षा देकर आगे बढ़ने का मौका दे रही है।

    वाल्मीकि जयंती पर सफाई-कर्मचारियों को किया पक्का- मेयर

    इस मौके पर महापौर शैली ओबेरॉय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की तरफ से वाल्मीकि जयंती पर सफाई-कर्मचारियों को पक्का किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारे सफाई कर्मचारी दिल्ली नगर निगम में जो योगदान दे रहे है वो शानदार है।

    भाजपा ने ही दिल्ली सरकार को भेजा था प्रस्ताव: राजा इकबाल

    दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि बुधवार को दिल्ली नगर निगम ने जिन लगभग 600 कर्मियों को नियमित किया है, उनको नियमित करने का प्रस्ताव 2021-22 में भाजपा प्रशासित तत्कालीन तीनों नगर निगमों ने ही दिल्ली सरकार को भेजा था, लेकिन तब तत्कालीन मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस प्रस्ताव को वापस भेज दिया था।

    सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि अगर तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इनकी फाइल रिजेक्ट न करते तो ये कर्मचारी 2021 में ही नियमित हो जाते। राजा इकबाल सिंह ने कहा कि हमने मुख्यमंत्री आतिशी से व्यक्तिगत रूप से बात कर अपील की कि दिल्ली नगर निगम में दलित महापौर का चुनाव होने दें, कमेटियों का गठन होने दें और पार्षदों का वार्ड विकास फंड जारी करवाएं।