विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए दिल्ली सरकार ने दिखाई दरियादिली, 52 ट्रकों का राहत काफिला रवाना

Published: Sun, 07 Sep 2025 08:02 PM (IST)Updated: Sun, 07 Sep 2025 08:03 PM (IST)

दिल्ली भाजपा ने पंजाब में बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री भेजी। 52 ट्रकों के काफिले को दिल्ली भाजपा कार्यालय ...और पढ़ें

पंजाब के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री से भरे ट्रक को रवाना करते हुए व्यापारी। जागरण
पंजाब के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री से भरे ट्रक को रवाना करते हुए व्यापारी। जागरण

HighLights

  1. दिल्ली भाजपा ने पंजाब बाढ़ पीड़ितों को भेजी राहत
  2. 52 ट्रकों का काफिला रवाना किया गया
  3. दिल्ली सरकार ने 5 करोड़ की सहायता दी

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। पंजाब में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए रविवार को एक बड़ा राहत अभियान चलाया गया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने रविवार को दिल्ली भाजपा कार्यालय से राहत सामग्री से लदे 52 ट्रकों के काफिले को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पूरा देश पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा, "दिल्लीवासियों ने भी संकल्प लिया है कि इस आपदा की घड़ी में हमें पंजाब के साथ खड़ा होना है। यह काफिला हमारी तरफ से एक शुरुआत मात्र है और सेवा का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।"

उन्होंने बताया कि पंजाब के प्रभावित इलाकों में राशन उपलब्ध है, लेकिन उसे तैयार करने और रखने की सुविधा नहीं है। इसलिए, बर्तन, मच्छरदानी, कंबल, तिरपाल, दवाइयाँ, जूते और अन्य आवश्यक सामान दिल्ली से भेजे जा रहे हैं। भाजपा का संगठन 'सेवा ही संगठन' के मंत्र पर काम करता है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि देश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीखा है कि जब भी कहीं कोई आपदा आए तो हमें राजनीति से ऊपर उठकर मदद करनी चाहिए।

उन्होंने कहा, "पंजाब हमारे देश का नवरत्न राज्य है जिसने हमेशा देश का साथ दिया है। अगर देश का दिल दिल्ली में धड़कता है, तो दिल्ली की धड़कन पंजाब में बसती है। आज पूरी दिल्ली पंजाब के किसानों के साथ खड़ी है।"

दिल्ली सरकार ने भी पंजाब मुख्यमंत्री राहत कोष में 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी है। दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि पंजाब हमेशा देश के लिए खड़ा रहा है और आज वह समय है जब पूरे देश को पंजाब के लिए खड़ा होना होगा।

इस राहत काफिले के ट्रक जालंधर पहुंचेंगे और वहां से प्रभावित क्षेत्रों में सामग्री वितरित की जाएगी। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल ने किया। इस दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा, दिल्ली सरकार के मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, मंत्री आशीष सूद, मंत्री रविंदर इंद्रराज, मंत्री कपिल मिश्रा और मंत्री डॉ. पंकज सिंह तथा संगठन महामंत्री पवन राणा मौजूद रहे।