NH-9 पर पांच घंटे तक लगा भयंकर जाम, युवक की हत्या के बाद परिजनों ने जमकर किया प्रदर्शन
पूर्वी दिल्ली में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या के विरोध में उनके परिजनों और लोगों ने एनएच-9 को जाम कर दिया जिससे भयंकर ट्रैफिक जाम लग गया। जाम में फ ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। एनएच-नौ पर गाजीपुर में सोमवार सुबह लोगों ने भीषण जाम का सामना किया। गाजीपुर फूल मंडी के पास गोली मारकर हुई रोहित नाम के युुवक की हत्या के मामले में स्वजन व स्थानीय लोगों ने दिल्ली से गाजियाबाद जाने वाले एनएच-नौ के साथ ही दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे जाम कर दिया।
जाम से बचने के लिए एनएच-नौ पर फंसे वाहन चालक आसपास की जिस भी सड़क पर गए वहीं जाम में फंस गए। एनएच-नौ पर तीन तीन घंटे तक प्रदर्शन हुआ। पांच घंटे तक लोगों ने भीषण जाम का सामना किया। एक बजे के बाद जाकर सड़कों पर हालत थोड़े सामान्य हुए।
एनएच 9 पर करीब छह किमी लंबा जाम लगा
गाजीपुर में जाम लगने से एनएच-नौ पर करीब छह किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हाइवे पर जाम लगने से इससे जुड़ी हुई सड़कें आनंद विहार, गाजीपुर फूल मंडी रोड, कोंडली, विकास मार्ग, स्वामी दयानंद मार्ग, मधु विहार, आइपी एक्सटेंशन, खिचड़ीपुर, पटपड़गंज रोड, दिल्ली नोएडा लिंक रोड, जगतपुरी, कड़कड़ड़ी मोड, मास्टरप्लान रोड, इंदिरापुरम, वसुंधरा व वैशाली समेत अन्य सड़कों पर जाम लगा।
कई एंबुलेंस जाम में फंसी रहीं
सुबह के वक्त लोग पीक आवर में अपने ऑफिस जाने के लिए निकले। इन दिनों स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं। जब आठ बजे लोग वाहनों से गाजीपुर पहुंचे तो भीषण जाम में फंसते चले गए। बहुत से वाहन चालकों ने जाम से बचने के लिए विपरीत दिशा में वाहन चलाए तो वहां भी जाम लगता चला गया। एनएच-नौ व स्वामी दयानंद मार्ग पर कई एंबुलेंस जाम में फंसी रहीं। घंटों तक जाम में फंसे रहने से लोगों के पसीने छूट गए।
आईपी एक्सटेंशन पर 9 बजे से ही जाम लगना शुरू
जाम में फंसी बसों से उतरकर यात्री पैदल ही अपने गंतव्य को चले गए। दिल्ली यातायात पुलिस सड़कों से गायब देखने को मिली। आईपी एक्सटेंशन में सड़क पर नौ बजे से भीषण जाम लगना शुरू हो गया था। यहां मधु विहार व मंडावली थाना है। थाने के बाहर की सड़क पर भीषण जाम लगा हुआ था, करीब 10:30 बजे थाने के पुलिसकर्मियों ने जाम खुलवाने की कोशिश की। लेकिन कामयाब नहीं हुए।
लोगों ने एक्स पर जमकर उतारा गुस्सा
जाम में फंसे लोगों ने एक्स पर अपने गुस्से का इजहार किया। लोगों ने कहा पुलिस प्रदर्शनकारियों काे हाइवे से हटा नहीं पा रही है। दूसरे लोगों की परेशानी क्या पुलिस को नजर नहीं आ रही है। यहां तक कहा कि जिन लोगों ने हत्या की है, पुलिस उन्हें गिरफ्तार करे। लेकिन जिन लोगों ने जाम लगाकर दूसरे लोगों को परेशान किया है, उनके खिलाफ भी प्राथमिकी कर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। राहुल आनंद नाम के यूजर ने एक्स पर लिखा वह उसे गाजीपुर क्रासिंग पर अपने बच्चे को स्कूल लेकर जाना है। वह काफी समय से एनएच-नौ पर जाम में फंसा हुआ है।
लोगों की प्रतिक्रिया
मुझे खुरेजी से माल लेकर पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र जाना है। ढाई घंटे से जाम में फंसा हूं। मास्टरप्लान रोड, विकास मार्ग व एनएन-नौ पर भीषण जाम लगा हुआ है। इतने घंटे जाम में कभी नहीं फंसा। एक प्रदर्शन की वजह से हजारों लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। समय पर गंतव्य तक पहुंच नहीं सके। पुलिस हाथ पर हाथ धरे नजारा देखती रही। - किशोर, वाहन सवार
सुबह आटो लेकर घर से निकला। प्रीत विहार से आनंद विहार की सवारी मिली। डेढ घंटे से जाम में फंसा हुआ हूं। विकास मार्ग से किसी तरह से आइपी एक्सटेंशन पहुंचा। इतना जाम था कि यात्री आटो से उतरकर पैदल चला गया। जाम की वजह से कोई दूसरी सवारी नहीं मिली। - सलीम, ऑटो चालक
हत्या के विरोध में गाजीपुर में लोगों ने प्रदर्शन किया। हाइवे से सैकड़ों की संख्या में वाहन गुजरते हैं, हाइवे जाम होने से आसपास की सभी सड़कों पर जाम लगा। पुलिस चाहती तो प्रदर्शनकारियों को कुछ ही देर में हटा सकती थी। स्कूल में बच्चों की परीक्षा थी, जाम की वजह से बच्चों को भी स्कूल पहुंचने में देरी हुई। - पवन, वाहन सवार
जाम लगाने वालों पर नहीं होती कानूनी कार्रवाई
सोमवार को पांच घंटे तक लोगों ने भीषण जाम का सामना किया। जाम से लोग बेहाल रहे, लेकिन पुलिस ने जाम लगाने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की। यह पहला मामला नहीं है जब जाम लगाने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई न की हो। गत जनवरी में न्यू अशोक नगर में महिला बुजुर्ग की मौत के मामले में भी स्वजन ने एक घंटे तक सड़क जाम रखी थी, पुलिस ने काेई कार्रवाई नहीं की थी। अधिवक्ता आरिफ रंगरेज ने कहा कि वाहन चालकों के मार्ग में अवरोध पैदा करने की धारा में पुलिस प्राथमिकी कर सकती है। इस धारा में सजा व जुर्माना दोनों प्रविधान है।
गाजियाबाद में दोपहर 10:30 बजे जाम की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जाम को खुलवाया। दोपहर 12:30 बजे यातायात सुचारू हो गया था। - सचिदानंद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात गाजियाबाद
पुलिस की पहली प्राथमिकता जाम को खुलवाने के साथ हत्या करने वाले अपराधियों को पकड़ने की थी। जाम लगाने के मामले में कोई प्राथमिकी नहीं हुई है। - अभिषेक धानिया, पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।