Delhi Pollution: दिल्ली में प्रदूषण से फिलहाल राहत नहीं; लगातार छठे दिन AQI 'बहुत खराब', तापमान में भी गिरावट
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार दिल्ली का 24 घंटे का औसत एक्यूआई शाम चार बजे 331 दर्ज किया गया। एक दिन पहले बृहस्पतिवार को यह 325 रहा था। यानी 24 घंटे के भीतर इसमें छह अंकों का इजाफा हुआ है। स्विस एप आइक्यू एयर पर यह 256 रिकॉर्ड हुआ। शुक्रवार को 37 निगरानी स्टेशनों में से दो पर AQI 400 से ऊपर गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की वायु गुणवत्ता शुक्रवार को लगातार छठे दिन 'बहुत खराब' श्रेणी में रही। जबकि सुबह इस सीजन की सबसे ठंडी रही और तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को सुबह का तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे दर्ज हुआ, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम है। सीजन की दूसरी सबसे ठंडी सुबह एक दिन पहले बृहस्पतिवार को दर्ज की गई थी जब तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि 21 नवंबर को 10.2 डिग्री सेल्सियस के साथ तीसरी सबसे ठंडी सुबह रही थी।
दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI शाम चार बजे 331
इस बीच केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार दिल्ली का 24 घंटे का औसत एक्यूआई शाम चार बजे 331 दर्ज किया गया। एक दिन पहले बृहस्पतिवार को यह 325 रहा था। यानी 24 घंटे के भीतर इसमें छह अंकों का इजाफा हुआ है। स्विस एप आइक्यू एयर पर यह 256 रिकॉर्ड हुआ। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के 37 निगरानी स्टेशनों में से दो पर वायु गुणवत्ता 400 से ऊपर 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज की गई।
बवाना का एक्यूआई 416 और मुंडका का 402 रिकॉर्ड हुआ। पिछले तीन दिनों में कोई भी स्टेशन 'गंभीर' श्रेणी में नहीं था। सीपीसीबी के समीर एप के अनुसार, शेष स्टेशनों में से 26 ने 'बहुत खराब' जबकि नौ ने 'खराब' एक्यूआई दर्ज हुआ।
प्रदूषण में पराली जलाने की हिस्सेदारी 5.8 प्रतिशत
दिल्ली में पीएम 2.5 प्राथमिक प्रदूषक बना रहा, जिसका स्तर शुक्रवार शाम चार बजे 143 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया। आईआईटीएम पुणे के डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (डीएसएस) के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली के प्रदूषण में वाहनों के उत्सर्जन का योगदान 21.6 प्रतिशत था। मंगलवार को प्रदूषण में पराली जलाने की हिस्सेदारी 5.8 प्रतिशत थी जबकि बुधवार और बृहस्पतिवार को इसका कोई आंकड़ा उपलब्ध नहीं कराया गया।
शनिवार को हल्के से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना
अर्ली वार्निंग सिस्टम के अनुसार शनिवार सुबह हल्के से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। प्रमुख सतही हवा शनिवार की सुबह चार किमी प्रति घंटे से कम गति से अलग-अलग दिशाओं से आने की उम्मीद है, जो शाम और रात में फिर से कम होने से पहले, दोपहर के दौरान उत्तर-पश्चिम से धीरे-धीरे बढ़कर छह से आठ किमी प्रति घंटे हो जाएगी। लिहाजा, अगले कई दिन तक एक्यूआई "बहुत खराब" श्रेणी में ही बना रहेगा।
हवा में नमी का स्तर 99 से 64 प्रतिशत के बीच
शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है, जो इस सीजन का दूसरा सबसे कम तापमान है। इससे पहले 19 नवंबर को अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शुक्रवार को हवा में नमी का स्तर 99 से 64 प्रतिशत के बीच रहा।
मौसम विभाग ने शनिवार को हल्के कोहरे का पूर्वानुमान लगाया है, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 26 डिग्री सेल्सियस और 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
शुक्रवार को एनसीआर के शहरों का एक्यूआई
| शहर | सीपीसीबी | आइक्यू एयर |
| दिल्ली | 331 | 256 |
| गुरुग्राम | 254 | 218 |
| गाजियाबाद | 253 | 184 |
| ग्रेटर नोएडा | 270 | 287 |
| फरीदाबाद | 190 | 178 |
| नोएडा | 259 | 181 |

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।