क्राइम ब्रांच ने भगोड़े को किया गिरफ्तार, हरियाणा से दिल्ली में करता था शराब की सप्लाई
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने आबकारी अधिनियम के मामलों में वांछित जय सिंह नामक एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। वह दो साल से फरार था और पहले भी कई अपराधों में शामिल रहा है। पुलिस ने उसे अवैध शराब की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था जिसके बाद वह जमानत पर भाग गया था। पूछताछ में पता चला कि वह 2016 से अवैध शराब की सप्लाई में शामिल था।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। क्राइम ब्रांच की टीम ने आबकारी अधिनियम के दो मामलों में वांछित एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। वह पिछले दो साल से फरार चल रहा था, जिसकी पहचान बापरोला के हरफूल विहार निवासी जय सिंह के रूप में हुई है, जो पहले भी दिल्ली आबकारी अधिनियम और चोरी के नौ मामलों में शामिल रहा है।
डिप्टी कमिश्नर विक्रम सिंह के मुताबिक 16 जुलाई 2022 को अवैध शराब की तस्करी के आरोप में जय सिंह को वसंत कुंज साउथ पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 70,850 बोतल अवैध देशी शराब, 384 बोतल च्वाइस ब्लू और 240 कैन बीयर बरामद की।
सभी पर सिर्फ हरियाणा में बिक्री के लिए मार्का लगा था। जमानत मिलने के बाद जय सिंह फरार हो गया था। 28 मई को कांस्टेबल विनोद को आरोपी के बारे में गुप्त सूचना मिली थी।
एसीपी पंकज अरोड़ा की देखरेख और इंस्पेक्टर वीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर उसे नंगली एक्सटेंशन, नजफगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि वह 2016 से हरियाणा से दिल्ली में अवैध शराब की सप्लाई करने में संलिप्त था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।