Cold Wave: शीतलहर में ठिठुरी दिल्ली, सर्दी ने तोड़ा 28 वर्ष का रिकॉर्ड; दो दिन; IMD ने जारी किया कोल्ड वेव का अलर्ट
दिल्ली में शीतलहर ने 28 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सीजन में पहली बार शीतलहर चली। इससे सुबह में ठिठुरन अधिक रही। बुधवार को न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग ने दो दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पहाड़ों की तरफ से आने वाली बर्फीली हवा के कारण दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान में 3.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। इस वजह से सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया।
इस वजह से दिल्ली में बुधवार को इस सीजन में पहली बार शीतलहर चली। इससे सुबह में ठिठुरन अधिक रही। साथ ही सर्दी ने 28 वर्षो का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
आज और कल चलेगी शीतलहर
बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी दिल्ली के कई इलाकों में शीतलहर चल सकती है। इस वजह से मौसम विभाग ने दो दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दोनों दिन न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बुधवार को कितना रहा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस हुआ दर्ज, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान सामान्य से साढ़े चार डिग्री सेल्सियस से कम होने पर शीतलहर होती है। इस वजह से बुधवार को सीजन की पहली शीतलहर रही।
28 वर्षों में पहली इतना कम पहुंचा तापमान
वैसे तो पिछले वर्ष 15 दिसंबर को भी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस था और 15 दिसंबर 2020 में भी न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस था। लेकिन दिसंबर के शुरुआती 11 दिनों में किसी दिन 28 वर्षों में पहली बार न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इससे पहले 11 दिसंबर 1996 को न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस था। छह दिसंबर 1987 को न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस था।
तीन वर्षो में दिसंबर में पहली बार चली शीतलहर
पिछले वर्ष 15 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस होने के बावजूद उस दिन शीतलहर नहीं थी। क्योंकि उस दिन न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस ही कम था। पिछले वर्ष और वर्ष 2022 में दिसंबर में एक भी दिन शीतलहर नहीं चली थी। तीन वर्षों में पहली बार इस बार दिसंबर में शीतलहर चली है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। दिन में धूप निकलने से ठंड से राहत महसूस की गई। आया नगर में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम है। इस वजह से आया नगर में ठंड ज्यादा रही। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं, पीतमपुरा में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इस वजह से पीतमपुरा के आसपास के इलाके में शीतलहर का असर नहीं रहा। मौसम विभाग के अनुसार अभी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है। साथ ही दस से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दिन में ठंडी हवा चलेगी। इस वजह से दिल्ली में अभी तीन से चार दिन तक न्यूनतम तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। इस वजह से सुबह में कंपकंपी बनी रहेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।