Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Airport: एयर इंडिया की फ्लाइट में चोरी करनेवाले चीनी गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस ने चार लोगों को दबोचा

    By Sonu Rana Edited By: Sonu Suman
    Updated: Sat, 17 May 2025 06:00 PM (IST)

    दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया है और तीन को हिरासत में लिया है। ये आरोपित यात्रियों के सामान से क्रेडिट कार्ड और कीमती चीजें चुराते थे खासकर जब वे सो रहे होते थे। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

    Hero Image
    अंतरराष्ट्रीय उड़ान में चोरी करने वाले चार चीनी नागरिक पकड़े।

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट थाना पुलिस ने एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया है और तीन को हिरासत में लिया है।

    गिरफ्तार किए गए आरोपित की पहचान बेनलाई पैन व हिरासत में लिए गए मेंग गुआंगयांग, चांग मांग और लियू जी के रूप में हुई है। आरोपित उस समय लोगों के बैग से क्रेडिट व डेबिट कार्ड और कीमती सामान चोरी करते थे, जब वह सो जाते थे। कार्ड का दुरुपयोग कर वह फेंक देते थे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एयर इंडिया की उड़ान में चोरी की जानकारी मिली

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस को हांगकांग से नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान में चोरी की जानकारी मिली थी। पुलिस कर्मी टर्मिनल-तीन के आगमन हाल में पहुंचे और एयर इंडिया कर्मचारियों और पीड़ित यात्रियों से मिले।

    एक यात्री प्रभात वर्मा ने बताया कि केबिन क्रू ने उनके ओवरहेड बैग के पास किसी को सामान चेक करते हुए देखा था। जब उन्होंने अपना बैग चेक किया तो उनका बैंक आफ अमेरिका क्रेडिट कार्ड गायब मिला। जांच के दौरान पता लगा कि बेनलाई पैन नामक चीनी नागरिक ने क्रेडिट कार्ड चोरी किया था। पुलिस ने तलाशी ली तो वह आरोपित की सीट की नीचे से बरामद हुए।

    यात्रियों के बैग खोलते और सामान की जांच करता दिखा

    वहीं दूसरे यात्री ने बताया कि उनकी मां का एचडीएफसी डेबिट कार्ड उनके बैग से गायब था। नफीज फातिमा नामक यात्री ने बेनलाई पैन का वीडियो दिखाया। इसमें वह यात्रियों के कैबिन बैग खोलते और सामान की जांच करते दिख रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके तीन चीनी साथियों मेंग गुआंगयांग, चांग मांग और लियू जी को हिरासत में ले लिया। पुलिस इनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

    पूछताछ में बेनलाई पैन ने बताया कि वह और उसके साथी एक संगठित गिरोह का हिस्सा हैं। वह लंबी अवधि की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में चोरी करते हैं। जब यात्री सो जाते हैं तो आरोपित उनके बैग खोलकर कीमती सामान और कार्ड चुराते हैं। कार्ड का दुरुपयोग करने के बाद उसे फेंक दिया जाता है।

    पुलिस ने आरोपितों के 12 महीने की यात्रा की डिटेल खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपितों के मोबाइल और सामान भी जब्त कर लिए हैं। साथ ही इन आरोपितों के बारे में और जानकारी प्राप्त करने के लिए संबंधित दूतावास से संपर्क किया गया है।