विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 25, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पहली बार बोला बागियों पर हमला

By JP YadavEdited By:
Published: Tue, 25 Apr 2017 10:06 AM (IST)Updated: Tue, 25 Apr 2017 09:05 PM (IST)

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कांग्रेसियों के इस बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी कि भाजपा सरकार उनकी घोषणाओं का फीता काट रही है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पहली बार बोला बागियों पर हमला
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पहली बार बोला बागियों पर हमला

फरीदाबाद (बिजेंद्र बंसल)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दो दिन पहले दिल्ली में मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर फरीदाबाद की तीनों सभाओं में आत्मविश्वास से लबरेज नजर आए। उन्होंने विपक्ष ही नहीं, बल्कि अपनी ही पार्टी भाजपा के बागियों पर भी सीधा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेईमानी के लिए अपने भी दबाव डालते हैं, मगर वे किसी भी सूरत में भ्रष्टाचार नहीं होने देंगे। भ्रष्टाचार करने वालों का जमाना गया। उन्होंने साफ किया कि सरकार चले न चले, बेईमानों को सरकार का संरक्षण नहीं मिलेगा।

मुख्यमंत्री कांग्रेस नेताओं पर भी आक्रामक होकर बोले। उन्होंने कहा कि एसवाईएल सहित प्रदेश के विकास के कई मुद्दे लेकर वे प्रधानमंत्री से मिले तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा कहते हैं कि मुख्यमंत्री उन्हें अपने साथ लेकर नहीं गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता राजनीति कर रहे हैं। सरकार का प्रतिनिधिमंडल जब राष्ट्रपति और गृहमंत्री से मिला तो विपक्ष के नेता भी साथ गए थे।

अब कांग्रेस के नेता जो भाषा बोल रहे हैं वह प्रदेश के 2.5 करोड़ लोगों का अपमान है, क्योंकि वे जनता के चुने हुए मुख्यमंत्री के नाते प्रधानमंत्री से मिलने गए थे। मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेसियों को यदि मिलना है तो वे अब अपनी नेता सोनिया गांधी से मिलें और उनसे पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को समझाने के लिए कहें। कांग्रेस का दोहरा चरित्र है। हरियाणा में कांग्रेस नेता अलग और पंजाब में अलग बात करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेसियों के इस बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी कि भाजपा सरकार उनकी घोषणाओं का फीता काट रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने राज्य में दस साल के शासन में 6500 घोषणाएं की, जबकि भाजपा सरकार ने अब तक 3500 घोषणाएं की हैं इनमें से 44 फीसद पूरी हुई हैं। दस साल में तो भाजपा सरकार की 11 हजार से भी अधिक घोषणाएं होंगी।

उन्होंने कहा कि एक नवंबर 2013 को गोहाना रैली में कांग्रेस ने कई घोषणाएं कीं, जबकि उन्हें पता चल गया था कि अब वे सत्ता में नहीं आएंगे। ये घोषणाएं यदि वे 2005-06 में करते तो 2014 तक पूरा कर लेते। मनोहर लाल ने पूरे आत्मविश्वास से कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस की घोषणाओं को भी बिना भेदभाव पूरा करेगी।

मुख्यमंत्री ने सुबह 10 बजे एनआइटी में इनेलो विधायक नगेंद्र भड़ाना, 11.30 बजे बल्लभगढ़ में भाजपा विधायक मूलचंद शर्मा और 12.30 बजे पृथला क्षेत्र के गांव दूधौला में बसपा विधायक टेकचंद शर्मा द्वारा आयोजित बड़ी सभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर व उद्योग मंत्री विपुल गोयल भी थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।