कांग्रेस नेता विकास चौधरी का किया गया अंतिम संस्कार, अशोक तंवर समेत कई नेता रहे मौजूद
प्रशासन ने दोपहर बाद तीन बजे हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी का शव परिजनों को सौंप दिया। ...और पढ़ें

फरीदाबाद, जेएनएन। शुक्रवार को दोपहर तक चली जबरदस्त गहमागहमी व तनाव की स्थिति के बाद प्रशासन ने दोपहर बाद तीन बजे हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी का शव परिजनों को सौंप दिया। सेक्टर-9 में घर पर अंतिम संस्कार से पूर्व की प्रक्रियाएं करने के बाद सेक्टर-8 स्थित स्वर्गाश्रम में अंतिम संस्कार कर दिया गया। विकास चौधरी की बृहस्पतिवार सुबह 9 बजे सेक्टर-9 में जिम के बाहर हमलावरों ने गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी थी।
प्रशासन बृहस्पतिवार को ही शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंपना चाहता था, पर तब परिजनों ने जब तक हमलावर गिरफ्तार नहीं हो जाते, तब तक पोस्टमार्टम कराने व शव लेने से इंकार कर दिया था। रात में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ.राधा नरूला, प्रदेश सचिव बलजीत कौशिक सहित अन्य कांग्रेसियों ने बीके अस्पताल में शवगृह के बाहर ही डेरा डाल रात बिताई।
इस कारण परिजनों को नहीं सौंपा शव
शव शनिवार सुबह 9 बजे कांग्रेसी नेताओं और परिजनों ने प्रशासन से शव सौंपने का आग्रह किया, मगर प्रशासन ने शव देने से इंकार कर दिया। दरअसल शनिवार को दो कार्यक्रमों में शिरकत करने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल फरीदाबाद में थे। प्रशासन को अंदेशा था कि शव मिलने पर गुस्से में कांग्रेस कार्यकर्ता जाम लगाएंगे, जिससे शहर में अव्यवस्था हो जाएगी। प्रशासन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता था। जब मिलने में देरी हुई, तो प्रदेशाध्यक्ष डॉ.अशोक तंवर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मिलने के लिए रवाना होने लगे।
कांग्रेस कार्यकर्ता सिर पर काली पट्टी व हाथों में काले झंडे लिए हुए थे। इस तरह का माहौल देख पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को बादशाह खान अस्पताल के मुख्य द्वार पर ही रोक दिया। करीब एक घंटे तक दोनों ओर से खूब गहमागहमी व धक्का मुक्की हुई। कार्यकर्ता गेट से बाहर निकलना चाहते थे, वहीं पुलिसकर्मी उन्हें वापस धकेल रहे थे। खैर भारी पुलिस बल के आगे प्रदर्शनकारी सफल नहीं हुए, तो फिर शांत होकर वहीं गेट पर ही बैठ गए।
शाम पांच बजे के बाद हुआ अंतिम संस्कार
दोपहर तीन बजे के बाद शव मिलने पर पहले सेक्टर-9 स्थित निवास पर लाया गया। सेक्टर-8 सीही स्थित स्वर्गाश्रम पर अंतिम संस्कार किया गया, मुखाग्नि छोटे भाई गौरव चौधरी ने दी। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष, विधायक करण दलाल व ललित नागर, पूर्व विधायक आनंद कौशिक, प्रदेश महासचिव बलजीत कौशिक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जेपी नागर व एडवोकेट सुभाष कौशिक, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ.राधा नरूला, जिला प्रभारी मोहम्मद बिलाल, नेत्रपाल अधाना, राकेश भड़ाना, अनीषपाल, आप नेता धर्मवीर भड़ाना, एडवोकेट राजीव लांबा सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी मौजूद थे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।