पूर्वी दिल्ली के एक घर में बंधी गाय को बचाने गए शख्स ने गंवाई जान, यमुना के तेज बहाव में बह गया युवक
पूर्वी दिल्ली के गढ़ी मेंडू गांव में बाढ़ के दौरान गाय को बचाने गए ओमवीर नामक व्यक्ति का शव तीसरे दिन यमुना नदी से बरामद हुआ। उस्मानपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया। वहीं विश्वास नगर के संतोष शर्मा भी लापता हैं जिनकी तलाश जारी है। वह सोनिया विहार इलाके से लापता हुए थे।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। गढ़ी मेंडू गांव में बाढ़ के दौरान घर में बंधी गाय को बचाने के चक्कर में एक शख्स यमुना के तेज बहाव में बह गया। शुक्रवार को तीसरे दिन शख्स का शव यमुना के पानी से बरामद हुआ है। उसकी पहचान ओमवीर 45 के रूप में हुई है। उस्मानपुर थाना पुलिस ने जीटीबी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया है।
ओमवीर अपने परिवार के साथ गढ़ी मेंडू गांव में रहते थे। परिवार में पिता तिरह सिंह, पत्नी ओमवती, दो बेटे व एक बेटी है। उनका दूध की डेरी का काम था। उनके घर में दस पशु हैं। परिवार ने बताया कि बुधवार सुबह गांव में यमुना का पानी काफी ज्यादा बढ़ गया था।
परिवार के सदस्य वक्त पर पशुओं को लेकर पुश्ते पर सुरक्षित स्थान पर चले गए थे। एक गाय घर में रह गई थी। ओमवीर घर में बंधी उस गाय को निकालने गए थे। उनके साथ गांव के तीन लोग और भी थे। ओमवीर घर पहुंचने से पहले यमुना के तेज बहाव में बह गए।
उनके साथ के तीन लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन बहाव की वजह से वह बचा नहीं सके। परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पूर्वी जिले बोट क्लब व एनडीआरएफ टीम को बुलाकर बुधवार को तलाशी अभियान शुरू किया था। शुक्रवार सुबह करीब दस बजे उनका शव घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में फंसा हुआ मिला।
कारोबारी की तलाश में जारी है तलाशी अभियान
संतोष शर्मा अपने परिवार के साथ विश्वास नगर में रहते हैं। परिवार में पत्नी, दो बेटे व एक बेटी है। संतोष शर्मा की ट्रोनिका सिटी में गारमेंट की फैक्ट्री है। इनके बेटे राहुल ने बताया कि उनके पिता बाइक से सोनिया विहार पुश्ते से नानकसर होते हुए विश्वास नगर जाते थे।
नानकसर का रास्त यमुना खादर से होकर जाता है। मंगलवार शाम सवा पांच बजे परिवार से संतोष शर्मा की बात हुई थी, तब उन्होंने कहा था कि वह घर के लिए निकल रहे हैं। अमूमन व साढ़े छह तक घर आ जाते थे। मंगलवार को आठ बजे तक भी वह घर नहीं लौटे तो परिवार परेशान हो गया। उनका नंबर भी बंद था।
परिवार ने फैक्ट्री में पता किया तो पता चला वह बाइक लेकर घर के लिए चले गए हैं। परिवार मदद के लिए ट्रानिका सिटी थाने गया। बाद में सोनिया विहार थाने। वहां की पुलिस ने सभापुर टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तो पता चला 6:45 बजे वह टोल से गुजरे हैं। पुश्ते से वह नानकसर रोड पर गए हैं।
मंगलवार रात को ही खादर में पानी आ गया था। मंगलवार रात से ही परिवार उन्हें ढूंढ रहा है। बुधवार से ही एनडीआरएफ व बोट क्लब की टीम उन्हें तलाश रही हैं। परिवार ने गुहार लगाई है कि हवाई जहाज या ड्रोन के जरिये भी तलाश किया जाए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।