Move to Jagran APP

विधानसभा के बाहर भाजपा ने 'आप' को घेरा, सरकार के विरोध में की नारेबाजी

भाजपा ने कहा कि केजरीवाल ने बेघरों को रैन बसेरे देने के लिए बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन दिल्ली में बेघर लोग ठंड से मर रहे हैं। इससे दिल्ली शर्मसार है।

By Amit MishraEdited By: Published: Mon, 15 Jan 2018 08:04 PM (IST)Updated: Tue, 16 Jan 2018 07:26 AM (IST)
विधानसभा के बाहर भाजपा ने 'आप' को घेरा, सरकार के विरोध में की नारेबाजी
विधानसभा के बाहर भाजपा ने 'आप' को घेरा, सरकार के विरोध में की नारेबाजी

नई दिल्ली [जेएनएन]। निजी अस्पतालों व स्कूलों की मनमानी, बेघरों की मौत, सीलिंग और बिजली-पानी के बिल में बढ़ोतरी के लिए अरविंद केजरीवाल सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए भाजपा ने विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर दिल्लीवासियों की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए जोरदार नारेबाजी की।

loksabha election banner

सीलिंग के लिए केजरीवाल सरकार जिम्मेदार

दिल्ली प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष जय प्रकाश ने सीलिंग के लिए केजरीवाल सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सरकार ने 351 सड़कों को व्यापारिक क्षेत्र अधिसूचित करने की फाइल नगर निगमों को लौटा दी। इसी तरह अनधिकृत कॉलोनियों के नियमितीकरण के लिए जरूरी कार्यवाही भी नहीं कर रही है। इससे लोगों के मकान व दुकान पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं।

ठंड से मर रहे हैं बेघर

प्रदेश महामंत्री राजेश भाटिया ने कहा केजरीवाल ने बेघरों को रैन बसेरे देने के लिए बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन दिल्ली में बेघर लोग ठंड से मर रहे हैं। इससे दिल्ली शर्मसार है। प्रदेश महामंत्री रविंद्र गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पानी माफ-बिजली हाफ का वादा कर सत्ता में आई थी, लेकिन नगर निगम चुनाव हारने के बाद जनता से बदला लेने के लिए पानी एवं बिजली के बिलों में बढ़ोतरी की जा रही है।

युवाओं में सरकार के प्रति रोष

प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि दिल्ली के युवाओं के साथ वाइ-फाइ और शिक्षा ऋण के नाम पर धोखा हुआ है। इससे युवाओं में सरकार के प्रति रोष है। सरकार ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति न कर लोगों को निजी स्कूलों में बच्चों को ले जाने को बाध्य किया है। कई निजी स्कूलों में ईडब्ल्यूएस कोटे की सीटों पर दाखिला नहीं किया जा रहा है। उसने लोगों को निराश किया है।

निजी अस्पतालों की मनमानी

प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष पूनम पराशर झा ने कहा कि दिल्ली सरकार निजी अस्पतालों की मनमानी को बढ़ावा दे रही है। प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने केजरीवाल सरकार पर दिल्ली के व्यापारियों को भ्रमित करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन में प्रदेश भाजपा अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष गौरव खारी, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष मोहम्मद हारून, किसान मोर्चा अध्यक्ष मुकेश मान, जिला अध्यक्ष मनोज शौकीन, नीलदमन खत्री व अरविंद गर्ग, पूर्व विधायक सुभाष सचदेवा व धर्मदेव सोलंकी आदि मौजूद थे। 

यह भी पढ़ें: विधानसभा सत्र शुरू होते ही 'आप' विधायकों ने किया हंगामा, विपक्ष भी नहीं रहा पीछे

यह भी पढ़ें: सीआइसी ने दिया केजरीवाल को पेशी का निर्देश, मांगी गईं हैं ये जानकारियां


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.