MCD में स्थायी समिति में भाजपा का कब्जा, सत्या शर्मा अध्यक्ष नियुक्त; सुंदर सिंह बने उपाध्यक्ष
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति का गठन हो गया है। भाजपा की सत्या शर्मा अध्यक्ष और सुंदर सिंह उपाध्यक्ष चुने गए हैं। सत्या शर्मा 1957 के बाद प ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) सर्वोच्च शक्तिशाली समिति स्थायी समिति का गठन पूरा हो गया है। बृहस्पतिवार को हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सत्या शर्मा ने समिति के अध्यक्ष तो वहीं सुंदर सिंह ने उपाध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त कर ली है।
यह पहला मौका है कि एकीकृत दिल्ली नगर निगम में गौतमपुरी से पार्षद सत्या शर्मा 1957 के बाद पहली महिला अध्यक्ष स्थायी समिति की बन गई है। पूर्वकालिक पूर्वी और उत्तरी व दक्षिणी निगम में लता गुप्ता, वीना विरमानी और शिखा राय जरुर स्थायी समिति की अध्यक्ष रही लेकिन 2012 से पहले एकीकृत निगम और 2022 के बाद बने एकीकृत निगम में पहली बार कोई महिला निगम स्थायी समिति की पहली महिला अध्यक्ष है।
भाजपा के पास 11 वोट थे जबकि आप के पास सात
18 सदस्यों वाली स्थायी समिति में भाजपा के पास 11 वोट थे जबकि आप के पास सात वोट थे। बावजूद इसके आप ने अपने प्रत्याशी उतारने के साथ ही भाजपा में रार मचने की बात कही थी लेकिन जब चुनाव हुआ तो भाजपा को 11 वोट मिले और भाजपा प्रत्याशी विजयी हो गए। जबकि आप प्रत्याशी प्रवीण कुमार और मोहनी जीनवाल हार गए। उन्हें सात-सात वोट ही मिले।
आम आदमी पार्टी के लिए यह किसी झटके से कम नहीं
2022 में निगम की सत्ता पाने वाली आम आदमी पार्टी के लिए यह किसी झटके से कम नहीं है। क्योंकि पहले महापौर पद आप निगम से गंवा चुकी थी और अब स्थायी समिति में भाजपा मजबूती से सत्ता में आ गई है। अपनी जीत के बाद सत्या शर्मा ने कहा कि वह बहुत एयर इंडिया के विमान हादसे और उसमें गई लोगों की जान से दुखी है। इसलिए हम इस चुनाव के जीतने का कोई जश्न नहीं मनाएंगे।
समिति में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया है। सत्या शर्मा ने कहा कि अब चूंकि स्थायी समिति बन गई है तो जल्द ही इसकी बैठक बुलाकर लंबित प्रस्तावों को पारित कराएंगे। उन्होंने कहा कि स्थायी समिति की प्राथमिकता दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाने की होगी।
कोई न हो गड़बड़ इसलिए भाजपा ने लगाई थी दो सांसदों की ड्यूटी
दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति अहम समिति है कोई क्रोस वोटिंग जैसी कोई गड़बड़ न हो इसके लिए भाजपा ने दो सांसद हर्ष मल्होत्रा और कमलजीत सहरावत की निगम में ड्यूटी लगाई थी। चुनाव से पूर्व स्थायी समिति के भाजपा के 11 सदस्यों के साथ निगम नेता सदन प्रवेश वाही के कार्यालय में बैठक हुई। इस दौरान भाजपा नेताओं ने पार्टी हित में मतदान करने की अपील दौहराई।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।