आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सिर्फ इलाज ही नहीं, होगा एक और काम; यहां पढ़ें लाभ उठाने का प्रोसेस
पूर्वी दिल्ली में कई आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन हुआ जहाँ मुफ्त इलाज और जांच की सुविधाएँ उपलब्ध हैं। डेंगू मलेरिया और शुगर जैसी बीमारियों की जांच मुफ्त में की जाएगी और योग कक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी। नेताओं ने इन मंदिरों को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। कपिल मिश्रा ने केजरीवाल पर मोहल्ला क्लीनिक के नाम पर लोगों को ठगने का आरोप लगाया।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। यमुनापार में मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री से लेकर सांसद और विधायकों ने इनका उद्घाटन किया। उद्घाटन कार्यक्रम के चलते पहले दिन मरीजों का इलाज नहीं हो सका।
इन आरोग्य मंदिरों में मरीज अपना इलाज कराने के साथ ही डेंगू, मलेरिया, शुगर समेत अन्य जांच स्ट्रिप से निशुल्क करा सकेंगे। इसके साथ ही वे सप्ताह में दो दिन योग भी कर सकेंगे। अभी योग प्रशिक्षक की नियुक्ति नहीं की गई है। इन आरोग्य मंदिरों में नर्स और एक बेड की सुविधा भी दी गई है। महिलाओं के लिए स्तनपान के लिए अलग से कमरे की व्यवस्था की गई है।
आरोग्य मंदिर से पहले यह डिस्पेंसरी थी। केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने विधायक डॉ. अनिल गोयल और रविंदर सिंह नेगी के साथ गीता कॉलोनी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा ने अपना वादा पूरा किया। चुनाव जीतने के बाद सबसे पहले आयुष्मान योजना लागू की। आरोग्य मंदिरों में मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा।
डॉ. अनिल गोयल ने कहा कि आरोग्य मंदिर सिर्फ इलाज केंद्र नहीं है, यहां लोगों को उच्च गुणवत्ता का इलाज मिलेगा। आधुनिक लैब बनाई गई हैं। इस अवसर पर शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा, पार्षद राजू साईं, एडीएम अंकित अग्रवाल, सीडीएमओ रेखा रावत, मंडल संयोजक राजेश साहनी मौजूद रहे।
बाबरपुर में स्टैंडिंग कमेटी की चेयरपर्सन सत्या शर्मा ने जोन चेयरमैन पुनीत शर्मा और डिप्टी चेयरमैन मुकेश बंसल के साथ इसका उद्घाटन किया। सत्या शर्मा ने कहा कि आरोग्य मंदिरों से दिल्ली का स्वास्थ्य ढांचा मजबूत होगा।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर जीवन की गारंटी बनेगा: मनोज तिवारी
उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने विधायक अजय महावर, स्टैंडिंग कमेटी की चेयरपर्सन सत्या शर्मा, जोन चेयरमैन पुनीत शर्मा, डिप्टी चेयरमैन मुकेश बंसल, पार्षद प्रमोद गुप्ता और रेखा रानी, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. यूके चौधरी, भाजपा पार्षद मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष के साथ यमुना विहार बी ब्लॉक यमुना विहार में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया।
सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मरीजों की समुचित और निशुल्क जांच की जाएगी। आयुष्मान भारत योजना के तहत दिल्ली के जरूरतमंद लोगों को 5 लाख रुपये तक के निशुल्क इलाज की गारंटी मिलेगी। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों में पहले से ही कम दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार का ग्रहण दिल्ली के लोगों को इस अधिकार से वंचित कर रहा है।
स्वस्थ जीवन की गारंटी दिल्ली सरकार की प्राथमिकता: कपिल मिश्रा
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने जिलाधिकारी अजय कुमार, पार्षद सत्यपाल और बृजेश सिंह के साथ खजूरी में आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया।
मंत्री ने कहा कि स्वस्थ जीवन की गारंटी दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि करावल नगर इलाके में जल्द ही पांच अन्य जगहों पर आरोग्य मंदिर स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि आठ महीने के अंदर दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में 1139 आरोग्य मंदिर स्थापित किए जाएंगे। मंत्री ने पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि मोहल्ला क्लीनिक के नाम पर लोगों को ठगा जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।