ऑस्ट्रेलिया में समुद्र किनारे ऊपर थी रेत और नीचे गड़ा था खूबसूरत युवती का शव, 4 साल बाद सुलझी हत्या की गुत्थी
Australian Girl Toyah Cordingly murder दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े इनामी आरोपित राजविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। 24 वर्षीय टोया की हत्या में ऑस्ट्रेलिया पुलिस ने आरोपित पर 5 करोड़ 52 लाख रुपये का इनाम रखा था।
नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। Toyah Cordingly murder अक्टूबर, 2018 की एक शाम ऑस्ट्रेलिया के क्वीन्सलैंड के बीच (Beach) पर पालतू कुत्ता घुमाने निकली 24 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई युवती टोया कॉर्डिंगली (Toyah Cordingly) घर नहीं लौटी तो मां-बाप की चिंता बढ़ गई। दोस्तों को फोन किया और फिर खुद भी तलाश की। जब निराशा हाथ लगी तो पुलिस को फोन किया।
इसके बाद सच सामने आया तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। टोया कॉर्डिंगली की हत्या हो चुकी थी और उसका कुत्ता नजदीक एक पेड़ से बंधा था। 21 अक्टूबर को टोया का शव मिला।
लाश के करीब बंधा था कुत्ता
दरअसल, टोया के लापता होने की सूचना परिजनों द्वारा 21 अक्टूबर, 2018 को पुलिस को दी गई थी। परिजनों ने बताया था कि केयर्न्स से 40 किलोमीटर दूर टोया वांगेटी बीच पर अपने कुत्ते को घुमा रही थीं। यहां पर पुलिस ने तलाश की तो उसका शव रेत में गड़ा मिला और नजदीक ही कुत्ता बंधा था।
चार साल तक पुलिस से भागता रहा आरोपित
क्वीन्सलैंड पुलिस ने जांच शुरू की तो एक भारतीय राजविंदर सिंह को मोबाइल की लोकेशन वांगेटी बीच पर मिली। शक होने पर जांच शुरू की, लेकिन तब तक संदिग्ध आरोपित राजविंदर सिंह ऑस्ट्रेलिया छोड़ चुका था। इससे क्वीन्सलैंड पुलिस का शक बढ़ गया। जांच में धीरे-धीरे टोया की हत्या में राजविंदर सिंह के होने की बात पुख्ता हो गई, लेकिन आरोपित भारत आ चुका था। इसके बाद चार साल तक वह पुलिस की नजरों में धूल झोंकता रहा।
कुत्ते के भौंकने पर टोया को मार डाला
टोया कॉर्डिंगली अपने कुत्ते को घुमा रही थी। इस दौरान वहां पर राजविंदर भी पहुंचा। उसका कुछ देर पहले ही अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था। वह काफी अपसेट हो गया था और खुद के गुस्से को शांत करने के लिए बीच पर आया था। वह कुछ फल और रसोई का चाकू ले जा रहा था। कुत्ते के भौंकने पर वह टोया पर भड़क गया। इस दौरान दोनों के बीच बहस हुई। गुस्साए राजविंदर ने टोया की हत्या की और फिर उसे रेत के नीचे दबा दिया। इसके बाद भौंकने वाले कुत्ते को नजदीक एक पेड़ से बांध दिया।
पकड़े जाने के डर से भाग आया भारत
क्वींसलैंड में ऑस्ट्रेलियाई युवती टोया की हत्या करने के दो दिन बाद पकड़े जाने के डर से राजविंदर भारत भाग आया। हैरत की बात यह है कि वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों को ऑस्ट्रेलिया से भारत लौटा था। वहीं, परिवार लगातार यही दावा करता रहा कि टोया की हत्या के दो दिन बात राजविंदर का भारत लौटना महज संयोग था।
5 करोड़ से अधिक इनाम
2018 में ऑस्ट्रेलियाइ युवती टोया की हत्या कर भागे आरोपी राजविंदर सिंह पर पुलिस ने 5 करोड़ से अधिक का इनाम रखा था। इसे अब तक का सबसे बड़ा इनाम बताया जाता है, जो किसी अपराधी पर रखा गया हो। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने मार्च, 2021 में भारत सरकार से आरोपित राजविंदर के प्रत्यर्पण का अनुरोध किया था। इसी कड़ी में नवंबर 2022 में भारत सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी थी। आरोपित राजविंदर मूल रूप से पंजाब के बुट्टर कलां का रहने वाला बताया जाता है। वह काफी साल पहले नौकरी के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया चला गया था। वह वहां पर मेल नर्स का काम करता था। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने राजविंदर को गिरफ्तार किया है और अब उसे ऑस्ट्रेलिया पुलिस के हवाले किया जाएगा।