Google के जैसा है इस बच्चे का दिमाग, पांच वर्ष की उम्र में 70 से अधिक देश और उनकी राजधानी है कंठस्थ
चीजों को जानने के लिए हमेशा जिज्ञासु रहने वाला हितेन अपने माता-पिता से हमेशा सवाल पूछता है और वह उसके जवाब देने में जुटे रहते हैं। कई बार उसके सवाल न ...और पढ़ें

नई दिल्ली [शिप्रा सुमन]। पांच वर्ष की आयु में जब बच्चे आसपास की चीजों को समझने का प्रयास करते हैं, और उन्हें विषयों की कोई विशेष समझ नहीं होती, उस उम्र में हितेन कौशिक को देश ही नहीं दुनिया भर की जानकारी है। उम्र भले ही महज पांच वर्ष हो, लेकिन उनके ज्ञान को देखकर लगता है कि वे किसी जीनियस से कम नहीं हैं। हितेन की प्रतिभा को देखते हुए उसका नाम इंडिया बुक आफ रिकार्ड में दर्ज किया गया है। इस आयु में उसे भारत के अब तक के सभी प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति के नाम याद हैं। भारत के संविधान की प्रस्तावना सहित कई देशों की राजधानी, मुद्रा, संस्कृत के श्लाेक व मंत्र याद हैं।

लोग प्यार से गूगल मास्टर बुलाते हैं
चीजों को जानने के लिए हमेशा जिज्ञासु रहने वाला हितेन अपने माता-पिता से हमेशा सवाल पूछता है और वह उसके जवाब देने में जुटे रहते हैं। कई बार उसके सवाल न केवल माता-पिता बल्कि शिक्षकों को भी हैरानी में डाल देते हैं। लोग उसे गूगल मास्टर भी कहकर बुलाते हैं। हाल ही में हितेन से मुलाकात के बाद उसकी प्रतिभा से प्रभावित होकर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने उसे सम्मानित करने की बात की है।
शिव तांडव जुबानी है याद
कन्हैया नगर निवासी हितेन केजी का छात्र है। उसके पिता पंकज कौशिक भी अतिथि शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि बचपन से ही जिज्ञासु हितेन अपने देश के राज्यों के शहरों के नाम फटाफट सुना देता है। पिता ने बताया कि हितेन को शिव तांडव जुबानी याद है और वह दाे मिनट 15 सेकंड में इसे सुना देता है। उन्होंने बताया कि साढ़े तीन वर्ष की आयु में वह उसे लेकर मंदिर जाते थे तब वह मंदिर में होने वाले भजनों को याद कर लेता था। इसी वर्ष उसका दाखिला स्कूल में कराया गया है लेकिन कोरोना की वजह से स्कूल बंद है और वह अभी तक स्कूल नहीं जा सका है। गुलाबी बाग स्थित राजकीय सर्वोदय बाल विद्यालय में नामांकन किया गया है। फिलहाल उसके लिए घर में ही स्टडी रूप तैयार किया गया है।
कई क्षेत्रों की जानकारी
हितेन को सौरमंडल, आकाशगंगा, महाद्धीप, महासागर के नाम याद हैं। विश्व के 70 से अधिक देश के नाम और उनकी राजधानी के नाम कंठस्थ है। उसे अलग-अलग देशों के राष्ट्रपति के नाम भी याद हैं। इसके साथ ही उनकी करेंसी और झंडे की भी जानकारी है। वह संसार की सबसे छोटी और सबसे छोटी चीज के बारे में बता सकता है। भारत के संविधान और मौलिक अधिकारों के बारे में जानते हैं। साथ ही पड़ोसी देश और उसकी राजधानी के अलावा देश के राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम भी पता हैं। अब तक हुए देश के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के नाम भी याद हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।