Arvind Kejriwal: सीएम अरविंद केजरीवाल ने छोटे कान्हा से की अपनी पार्टी की तुलना, बताए इसके मायने
Arvind Kejriwal दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपनी पार्टी की तुलना छोटे कान्हा से की और लोगों को इसका मतलब भी बताया। कहा कि छोटे कान्हा ने जैसे राक्षसों का वध किया था उसी तरह से छोटी पार्टी बड़ी पार्टियों को खत्म कर रही है।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल अब राजनीति की हर चाल को समझ रहे हैं। रविवार को जिस तरह से पार्टी के सम्मेलन में तमाम राज्यों से सदस्यों ने हिस्सा लिया उससे पार्टी की लोकप्रियता सभी नेताओं को समझ में आ रही है। इसी मंच से लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने अपनी पार्टी की तुलना छोटे कान्हा से भी की। साथ ही इस छोटे कान्हा का मतलब भी बताया।
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) साल 2012 में अस्तित्व में आई और जैसा कि बाल स्वरूप में श्रीकृष्ण ने किया था, उसी तरह पार्टी भी भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी जैसे “बड़े दानवों” का वध करने में लगी हुई है।
आम आदमी पार्टी भी छोटे कान्हा की तरह है। जैसे कान्हा ने बचपन में बड़े-बड़े राक्षसों का वध किया था, वैसे ही छोटी सी “आप” देश की बड़ी-बड़ी शक्तियों से लड़ रही है। pic.twitter.com/HQLVzajRBW— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) September 18, 2022
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी तो मात्र दस साल का एक बच्चा है। फिर उन्होंने छोटे कान्हा की कहानी सुनाई। कहा कि वध का मतलब किसी का मर्डर करना नहीं है, हम महंगाई, भ्रष्टाचार जैसी चीजों का वध कर रहे हैं। दिल्ली में पार्टी ने बहुमत हासिल किया उसके बाद पंजाब में सरकार बनाई, फिर मध्य प्रदेश में भी निगम चुनाव में जीत हासिल की। अब गुजरात टारगेट है। यहां पार्टी ने अपनी गतिविधियां बढ़ा दी है और उसी हिसाब से जिम्मेदारी तय कर दी है।