जब दिल्ली पुलिस ने घी बनाने वाली फैक्ट्री में मारा छापा... नजारे ने उड़ा दिए होश, यकीन करना भी मुश्किल!
दिल्ली के बवाना में पुलिस ने एक मिलावटी घी बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी में 7600 लीटर मिलावटी घी और 900 लीटर मिलावटी तेल जब्त किया गया है। फैक्ट्री के सुपरवाइजर ने बताया कि मालिक के कहने पर मिलावटी घी बनाया जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर मालिक की तलाश शुरू कर दी है और घी की आपूर्ति श्रृंखला की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बवाना के डीएसआइआइडीसी सेक्टर-2 में पुलिस ने मिलावटी घी बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी कर फैक्ट्री से 7600 लीटर घी और मिलावट में इस्तेमाल होने वाला 900 लीटर वनस्पति तेल और मूंगफली का तेल भी बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री सुपरवाइजर ने मालिक के निर्देशों पर मिलावटी घी बनाने की बात स्वीकार की। फैक्ट्री मालिक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि 12 सितंबर को जिले के एएटीएस एवं एबीएस सेल कार्यालय को बवाना में मिलावटी घी बनाने वाली फैक्ट्री के बारे में जानकारी मिली। चूंकि मामला खाद्य पदार्थों में मिलावट से संबंधित था, इसलिए खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी को साथ लेकर पुलिस ने बवाना के डीएसआइआइडीसी सेक्टर-2 में फैक्ट्री संख्या सी-51 में छापा मारा।
छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में मिलावटी घी और कच्चा माल बरामद हुआ। इन वस्तुओं को जब्त कर लिया गया और धारा 318(4)/274/275 बीएनएस, थाना बवाना के तहत मामला दर्ज किया गया। जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पुलिस ने फैक्ट्री से 7600 लीटर अवतार देसी घी/ अवतार शुद्ध गाय का मिलावटी घी के साथ-साथ मिलावट में प्रयुक्त होने वाला 900 लीटर वनस्पति तेल और मूंगफली का तेल बरामद किया है।
इसके अलावा चूल्हा और सिलेंडर, पैकेजिंग सामग्री, एसेंस और रंग, तौलने और सील करने की मशीन, दो मिक्सिंग मशीन भी जब्त की है। उन्होंने बताया कि यह फैक्ट्री माधव गुप्ता (26 वर्ष) निवासी डिफेंस कालोनी, दिल्ली के नाम पर पंजीकृत पाई गई। सुपरवाइजर बृजेश ने मालिक के निर्देशों पर मिलावटी घी बनाने की बात बताई है। फरार मालिक को पकड़ने और मिलावटी घी की आपूर्ति शृंखला की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।