Delhi News: आदेश गुप्ता ने कहा- सिसोदिया को मंत्रिमंडल में रखकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं सीएम
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आरोप लगाते हुए कहा कि आबकारी नीति में बड़ा घोटाला हुआ है। उन्होंने कहा कि सीबीआइ जांच के दायरे में आने के बाद भी स ...और पढ़ें

नई दिल्ली [निहाल सिंह]। आबकारी नीति में कथित रुप से भ्रष्टाचार को लेकर सीबीआइ जांच के दायरे में आए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को मंत्रिमंडल से बाहर करने की मांग पर दिल्ली भाजपा ने सीएम अरविंद केजरीवाल सिविल लाइंस स्थित आवास के नजदीक प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन भी किया। प्रदर्शन में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने आबकारी नीति में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ नारेबाजी की।
पुलिस ने रोका
चंदगीराम अखड़ा पर प्रदर्शन करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने उग्र होते हुए पहले एक बैरिकेड तोड़ दिया। इसके बाद दूसरे बैरिकेडपर पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को रोक लिया। सीएम आवास के पास पहुंचने से रोकने के लिए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
भाजपा ने लगाया नीति में घोटोले का आरोप
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आरोप लगाते हुए कहा कि आबकारी नीति में बड़ा घोटाला हुआ है। उन्होंने कहा कि सीबीआइ जांच के दायरे में आने के बाद भी सीएम केजरीवाल मनीष सिसोदिया को मंत्रिमंडल से बाहर नहीं कर रहे हैं। ऐसे में अब भाजपा के कार्यकर्ता घर-घर जाकर दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोलेंगे। उन्होंने कहा कि सिसोदिया अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए महापुरुषों का नाम लेकर उन्हें बदनाम कर रहे हैं।
भ्रष्टाचार पर नहीं दे रहे जवाब
नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि कानून के खिलाफ जाकर नई आबकारी नीति के तहत उन क्षेत्रों में भी शराब की दुकानें खोली गई जहां नहीं खुलनी चाहिए थी। 300 से ज्यादा शराब के ठेके गैरकानूनी ढंग से खोल दिए और इसके पीछे भारी भ्रष्टाचार को अंजाम दिया गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डा. हर्षवर्धन ने कहा कि केजरीवाल सरकार के पास आबकारी नीति में हुए भ्रष्टाचार पर कोई जवाब नहीं है इसलिए अब वे आबकारी नीति पर सवाल करने पर शिक्षा और स्वास्थ्य के बारे में बता रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।