गंदगी पर आम आदमी पार्टी और भाजपा आमने-सामने, महापौर के दफ्तार के बार आप पार्षदों ने फेंका कूड़ा
सिविक सेंटर में आप पार्षदों ने भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जिसमें कूड़ा फेंककर भाजपा पर दिल्ली को गंदा करने का आरोप लगाया गया। आप नेताओं ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। जवाब में भाजपा ने आप को कूड़ा प्रबंधन में विफल बताया और आरोप लगाया कि आप सरकार ने व्यवस्था बिगाड़ दी है। दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली: सिविक सेंटर स्थित महापौर के दफ्तर के बाहर आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षदों ने बृहस्पतिवार को भाजपा के खिलाफ विरोध किया।
इस दौरान आप के पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप कूड़ा फेंककर भाजपा पर हमला बोला। आप पार्षदों ने आरोप लगाया कि भाजपा दिल्ली को गंदा कर रही है और कूड़ा प्रबंधन में पूरी तरह नाकाम रही है।
उन्होंने कहा कि राजधानी की सड़कों और गलियों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे दिल्लीवासियों को भारी परेशानी हो रही है।
आप नेताओं ने नगर निगम पर लगाया लापरवाही का आरोप
आप नेताओं ने महापौर के दफ्तर के बाहर कूड़ा फेंककर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी भी की और नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
दूसरी ओर, भाजपा ने आप के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि दिल्ली को कूड़े का शहर बनाने के लिए आम आदमी पार्टी जिम्मेदार है।
भाजपा बोली- आप ने बिगाड़ी कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि पिछले ढाई साल में आप की सरकार ने कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था को पूरी तरह बिगाड़ दिया है, जिससे दिल्ली में कूड़ा उठाना मुश्किल हो गया है। भाजपा ने कहा कि आप केवल राजनीति कर रही है और असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही है।
दोनों पार्टियों के बीच इस मुद्दे पर तीखी बयानबाजी जारी है। आप ने जहां भाजपा पर दिल्ली को गंदा करने का आरोप लगाया, वहीं भाजपा ने आप पर कूड़ा प्रबंधन में विफल रहने का आरोप लगाया। इस राजनीतिक जंग के बीच दिल्ली के नागरिक कूड़ा समस्या से जूझ रहे हैं और समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।