केजरीवाल की बात हुई सच, विपक्ष की सरकारें गिराने के लिए मोदी सरकार ला रही कानून-AAP
आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर विपक्षी सरकारों को गिराने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है। आप का कहना है कि भाजपा झूठे मामलों में गिरफ्तार राजनेताओं को पदमुक्त करने के लिए कानून ला रही है। किराड़ी में पानी की समस्या को लेकर आप विधायक अनिल झा भूख हड़ताल पर बैठे थे और संजय सिंह ने भाजपा को चेतावनी दी कि अगर पानी नहीं मिला तो वे प्रदर्शन करेंगे।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि भाजपा विपक्ष की सरकारों को गिराने के लिए कोई भी षड्यंत्र कर सकती है। इसी षड्यंत्र के तहत भाजपा की केंद्र सरकार आपराधिक मामलों में गिरफ्तार राजनेताओं को पद मुक्त करने के लिए कानून ला रही है, ताकि वह इस कानून की मदद से विपक्ष की सरकारों को गिरा सके।
आप ने इस कानून के पीछे भाजपा के षड़यंत्र का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले ये मुख्यमंत्री पर झूठा केस बनाएंगे, फिर ब्लैकमेल करेंगे और सीएम नहीं माना तो जेल में डालकर उसकी सरकार गिरा देंगे।
आप ने कहा है कि बिना किसी सुबूत के गिरफ्तारी होने पर अरविंद केजरीवाल, भाजपा की इस साजिश को समझ गए थे। इसीलिए उन्होंने बाहर आने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया और आप को तोड़ने की भाजपा की साजिश नाकाम हो गई।
किराड़ी को साफ पानी दिलाने के लिए आप विधायक की भूख हड़ताल
आम आदमी पार्टी ने कहा है कि किराड़ी विधानसभा में रह रही आठ लाख की आबादी पानी के लिए तरस रही है। पिछले चार महीने से किराड़ी से आम आदमी पार्टी के विधायक अनिल झा पानी की समस्या दूर करने को लेकर पिछले तीन दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे थे।
बुधवार को उनको समर्थन देने पहुंचे आप से राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किराड़ी के लोगों को जल्द पानी नहीं मिला तो आगामी दो अक्टूबर को आम आदमी पार्टी किराड़ी के एक लाख लोगों के साथ पैदल मार्च करेगी और अपने हक का पानी लेकर रहेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।